लखीमपुर खीरी: बस की टक्कर से बाइक सवार दंपति की मौत
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। ढखेरवा-निघासन मार्ग पर मंगलवार की सुबह लखनऊ जा रही तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि घायल पति ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराकर परिवार वालों को सौंप दिए …
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। ढखेरवा-निघासन मार्ग पर मंगलवार की सुबह लखनऊ जा रही तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि घायल पति ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराकर परिवार वालों को सौंप दिए हैं।
थाना पलिया क्षेत्र के गांव अतरिया निवासी अब्दुल रहमान (20) का निकाह चार महीने पहले कस्बा धौरहरा निवासी हासिया के साथ हुआ था। अब्दुल रहमान सोमवार को पत्नी हासिया को साथ अपनी ससुराल आया था। दोनों मंगलवार को बाइक से घर वापस जा रहे थे। ढखेरवा से करीब आधा किलोमीटर निघासन की ओर स्थित गांव लखाही के निकट निघासन की तरफ से लखनऊ जा रही तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने सुबह करीब छह बजे बाइक में टक्कर मार दी।

हादसे में हासिया की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल अब्दुल रहमान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कुछ देर बाद उसकी भी मौत हो गयी। हादसे में दंपति की मौत होने की खबर जब परिवार वालों को लगी तो कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिजन भी मौके पर पहुच गए।
पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम कराकर परिवार वालो को सौंप दिए हैं। प्रभारी निरीक्षक निघासन डीके सिंह ने बताया कि पुलिस ने बस को कब्जे में लिया है। चालक हादसे के बाद से फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
