बरेली: अवैध खनन की हिस्सेदारी को भाजपाइयों में मारपीट
बरेली/बिशारतगंज, अमृत विचार। राज्य सरकार ने बारिश की वजह से भले ही वैध खनन पर रोक लगा दी है लेकिन जिले के कई क्षेत्रों में अवैध खनन बेधड़क हो रहा है। अवैध खनन कोई और नहीं बल्कि भाजपा के ही नेता करा रहे हैं। बिशारतगंज में भाजपा के दो गुट अवैध खनन की हिस्सेदारी से …
बरेली/बिशारतगंज, अमृत विचार। राज्य सरकार ने बारिश की वजह से भले ही वैध खनन पर रोक लगा दी है लेकिन जिले के कई क्षेत्रों में अवैध खनन बेधड़क हो रहा है। अवैध खनन कोई और नहीं बल्कि भाजपा के ही नेता करा रहे हैं। बिशारतगंज में भाजपा के दो गुट अवैध खनन की हिस्सेदारी से मोटी मलाई खा रहे हैं। सोमवार की रात भाजपा के दोनों गुटों में हिस्सेदारी को लेकर जमकर मारपीट हुई। पहले पूर्वी रेलवे क्रासिंग पर विवाद हुआ।
इसके बाद दोनों गुटों के भाजपाई थाने पहुंचे और हंगामा कर पुलिस के सामने मारपीट की। हाथापाई और खींचतान में एक भाजपा नेता के कपड़े तक फट गए। वह खुद को सांसद धर्मेंद्र कश्यप का रिश्तेदार भी बता रहा था। पूरे मामले में सबसे बड़ी दिलचस्प बात यह है कि इनके हुए विवाद में पुलिस ने नहीं, बल्कि सपा के नेताओं ने बीचबचाव कराया।
उस वक्त थाने में सपा नेता मौजूद थे। मंगलवार को भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने भाजपाइयों में समझौता कराया। दिनभर यह मामला भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा का विषय बना रहा। मामले से भाजपा संगठन की छवि भी धूमिल हुई। बताते हैं कि भाजपा के आंवला जिलाध्यक्ष वीर सिंह पाल तक मामला पहुंचा है। वहीं, पुलिस की ओर से पूरे मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गयी।
बिशारतगंज में पुलिस, प्रशासन और भाजपा नेताओं की साठगांठ से अवैध खनन रात में कराया जा रहा है। लंबे समय से गोरखधंधा चल रहा है। कई बार क्षेत्र के लोगों ने विरोध करते हुए उच्चाधिकारियों से शिकायत भी की लेकिन अवैध खनन पर अंकुश नहीं लगा। अवैध खनन में भाजपा के स्थानीय नेताओं ने मोटी कमाई के चक्कर में अपना दखल बढ़ा दिया है।
यह गुट भी बड़े पैमाने पर खनन के धंधे में लिप्त रहने लगा है। इससे टकराव की स्थिति पैदा हो गयी। पहले से अवैध खनन में लिप्त भाजपाइयों ने दूसरे गुट के भाजपाइयों के लिप्त होने पर कड़ी आपत्ति जताई। धीरे धीरे भाजपाइयों में तल्खी बढ़ने लगी। हालात यहां तक पहुंच गए कि दोनों गुटों के लोग फोन पर एक दूसरे को गालियां देने के साथ जान से मारने की धमकियां भी देने लगे थे।
सोमवार की रात करीब 9 बजे नगर की पूर्वी रेलवे क्रासिंग के समीप भाजपाई आमने-सामने आ गए। अधिकांश नशे में धुत थे। शोर शराबा सुनकर भारी भीड़ भी एकत्र हुई थी। खुद को सांसद का करीबी बताने वाले भाजपा नेता ने फोन कर पुलिस भी बुला ली थी। थाने में पहुंचने के बाद भाजपाइयों ने कई घंटे तक हंगामा किया।
बिशारतगंज थानाध्यक्ष रामस्वरूप ने बताया कि भाजपाइयों के दो गुटों में झगड़ा हुआ था। थाने भी पहुंचे थे लेकिन उनमें झगड़ा किस कारण हुआ है। इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
विजय देवनाथ के धमकी देने के बाद भी अवैध खनन पर अंकुश नहीं
बिशारतगंज क्षेत्र गांव बेहटा बुजुर्ग में जेसीबी मशीन से मिट्टी खनन हो रहा है। इससे नाराज भारतीय मोदी यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय देवनाथ ने 18 जून को आत्मदाह करने की धमकी दी थी। खनन माफिया के विरुद्ध तहरीर भी थी। परमिशन के अलावा पुलिस की मिलीभगत से खनन माफिया पर जेसीबी से मिट्टी खनन करने का आरोप लगाया था। विरोध करने पर उन्हें धमकी भी मिली थी। पुलिस के उच्चाधिकारियों से भी कई बार शिकायत करने के बावजूद खनन नहीं रुका है।
