बरेली: ब्लॉक प्रमुख चुनाव में समर्थन जुटाने को लामबंदी में जुटे दावेदार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। ब्लॉक प्रमुख पद चुनाव के लिए अधिसूचना जारी होने के साथ सभी ब्लॉकों में सियासी हलचल तेज हो गई। दोनों दलों में समर्थन के लिए उम्मीदवारों की गणेश परिक्रमा आरंभ हो गई। अपने-अपने नेताओं के माध्यम से समर्थन के लिए उम्मीदवार लामबंदी में जुट गए हैं। देर-रात पार्टी के स्थानीय नेताओं के …

बरेली, अमृत विचार। ब्लॉक प्रमुख पद चुनाव के लिए अधिसूचना जारी होने के साथ सभी ब्लॉकों में सियासी हलचल तेज हो गई। दोनों दलों में समर्थन के लिए उम्मीदवारों की गणेश परिक्रमा आरंभ हो गई। अपने-अपने नेताओं के माध्यम से समर्थन के लिए उम्मीदवार लामबंदी में जुट गए हैं। देर-रात पार्टी के स्थानीय नेताओं के बीच बैठकों का दौर चलता रहा।

जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में सपा को हार का मुंह देखना पड़ा। इसलिए ब्लॉक प्रमुख चुनाव में सपा कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए भाजपा ने अभी अपने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। भाजपा नेता जिपं अध्यक्ष की सीट जीतने के बाद ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भी कुछ ऐसी ही रणनीति पर काम करने की तैयारी कर रही है।

ब्लॉकों से ऐसे उम्मीदवार तलाशे जा रहे हैं, जिनके पास समर्थन जुटाने की क्षमता हो। पार्टी के विधायकों, सांसदों और वरिष्ठ पदाधिकारियों को किला फतेह करने की जिम्मेदारी दी गई है। ब्लॉक प्रमुख की सीट पर जीत से ही इन विधायकों का राजनीतिक कद भी तय होगा।

ब्लाक प्रमुखों की कुर्सी से जुड़ेगी नेताओं की प्रतिष्ठा
जिला पंचायत अध्यक्ष की तरह अब बरेली जनपद में ब्लाक प्रमुखों की कुर्सी से भी जनप्रतिनिधियों की प्रतिष्ठा जुड़ेगी। वैसे ब्लाक प्रमुख की कुर्सी पर सेहरा वहां के विधायक के समर्थक का ही बंधता है। हालांकि प्रतिष्ठा के मामले में कोई भी विधायक एक-दूसरे के क्षेत्र में दखल नहीं देते हैं। बरेली की बात करें तो जिले में कुल 15 ब्लाक हैं। इनमें अधिकांश का सपा पर कब्जा है। पिछली बार सपा सरकार में चुनाव हुए थे। इस बार कमान भाजपा के हाथ हैं। इसलिए यह चुनाव भी भाजपा और सपा के बीच कड़ा होगा।

गद्दारी का न हो एहसास इसलिए नहीं छोड़ा साथ
जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में पार्टी से गद्दारी करने वाले दिग्गजों के मामले में एक नया खुलासा हुआ है। सूत्रों की मानें तो मतगणना वाले दिन कलेक्ट्रेट पर यह दिग्गज जिलाध्यक्ष, पूर्व मंत्री समेत अन्य पदाधिकारियों के साथ कदम से कदम मिलाकर साथ चल रहे थे। इसके पीछे मंशा यह थी कि नतीजे आने के बाद उनकी कारगुजारी का पार्टी नेताओं को तनिक भी एहसास न होने पाए।

सपा ने सभी ब्लाक प्रभारी घोषित किए
समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को जिले के 15 ब्लाकों के ब्लाक प्रभारी घोषित कर दिए हैं। जिसमें अरविंद गंगवार को ब्लाक नवाबगंज, कम्बर एजाज को भदपुरा, संजीव यादव को बिथरी चैनपुर, सूरज यादव को फरीदपुर, जफर बेग को भुता, आदेश यादव गुड्डू को बहेड़ी, हाजी गुड्ड को दमखोदा, हरिशंकर यादव को भोजीपुरा, विशाल सागर को फतेहगंज पश्चिमी, नूतना शर्मा को मीरगंज, रविंद्र यादव को शेरगढ़, रहीश मियां को आलमपुर जाफराबाद, विजेंद्र सिंह यादव को रामनगर, नरेशपाल को क्यारा और डा. जीराज यादव को मझगंवा का ब्लाक प्रभारी बनाया गया है।

तीन और ब्लाक प्रमुख प्रत्याशियों पर लगी मुहर
नौ ब्लाक प्रमुख प्रत्याशियों की घोषणा के बाद सपा जिलाध्यक्ष अगम मौर्या ने तीन और ब्लाक प्रमुख प्रत्याशियों के नाम पर मुहर लगा दी हैं। इनमें फतेहगंज पश्चिमी से किरन यादव, रामनगर से शांति सिंह और मीरगंज से गिरीश कुमार को ब्लाक प्रमुख प्रत्याशी बनाया गया है।

संबंधित समाचार