गोंडा में ब्लॉक प्रमुख चुनाव को लेकर मचा बवाल, पुलिस ने ऐसे संभाला मोर्चा
लखनऊ। गोंडा जिले के कटरा ब्लॉक में बवाल हो गया। ब्लॉक प्रमुख पद के लिए पर्चा खरीदने पहुंचे सपा प्रत्याशी और पूर्व विधायक पर भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों ने हमला बोल दिया। आरोप है कि फायरिंग की। लाठी-डंडों से गाड़ियों में तोड़फोड़ की। पथराव किया। बवाल को शांत करने के लिए पुलिस ने आशू गैस …
लखनऊ। गोंडा जिले के कटरा ब्लॉक में बवाल हो गया। ब्लॉक प्रमुख पद के लिए पर्चा खरीदने पहुंचे सपा प्रत्याशी और पूर्व विधायक पर भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों ने हमला बोल दिया। आरोप है कि फायरिंग की। लाठी-डंडों से गाड़ियों में तोड़फोड़ की। पथराव किया। बवाल को शांत करने के लिए पुलिस ने आशू गैस के गोले छोड़े। किसी तरह से थाने पहुंचकर सपा प्रत्याशी और पूर्व विधायक ने अपनी जान बचाई। ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए गुरुवार को पर्चा दाखिला है।
गोंडा जिले के कटरा ब्लॉक प्रमुख चुनाव का पर्चा खरीदने आए सपा प्रत्याशी पंकज गोस्वामी और पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे पर भाजपा के मौजूदा ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि भवानी शुक्ला के समर्थकों ने हमला बोल दिया। इस दौरान जमकर लाठी-डंडे चले और पत्थरबाजी हुई। उनके वाहन को तोड़ दिया गया और उन पर फायरिंग भी हुई। जान बचा कर वह कटरा थाने पहुंचे तो वहां भी भीड़ पहुंच गई और थाने का घेराव कर लिया।
पुलिस ने जब सपा प्रत्याशी और पूर्व विधायक को भीड़ को नहीं सौंपा तो भीड़ ने पुलिस कर्मियों पर पथराव कर दिया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने भी पथराव किया। आशू गैस के गोले छोड़े। तब स्थिति नियंत्रण में हुई। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि ब्लॉक प्रमुख पद के लिए पर्चा खरीदा जा रहा था। उसी समय दो पक्षों में विवाद हो गया।
उन्होंने कहा कि अगर इस चुनाव को लेकर किसी को कोई समस्या है तो जनपद में और भी उच्च अधिकारी तैनात हैं वह अपनी बात उनको बता सकते हैं। अगर कोई व्यवस्था भंग करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए यहां पर अतिरिक्त पुलिस तैनात कर दी गई है। पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे ने बताया कि उन्हें नामांकन पत्र लेने से रोका गया। न मानने पर फायरिंग की गई।
सीतापुर में भी सपा प्रत्याशी को नहीं मिला पर्चा
खैराबाद ब्लॉक प्रमुख पद के लिए नामांकन पत्र लेने गए सपा प्रत्याशी को भी पर्चा नहीं मिला। इस पर ब्लॉक गेट पर धरने पर बैठे पूर्व विधायक राधेश्याम जायसवाल को पुलिस ने हिरासत में लिया है
खत्म हो गया कानून का राज
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में कानून का राज खत्म हो गया। जिला पंचायत अध्यक्ष के बाद अब ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में सपा प्रत्याशियों को पर्चा नहीं खरीदने दिया जा रहा है। भाजपा सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है।
