बदायूं: संदिग्ध हालात में युवक की मौत, हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सालारपुर/बदायूं, अमृत विचार। थाना मूसाझाग क्षेत्र के एक गांव निवासी मजदूर की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया जिसमें मौत की वजह सिर व सीने में चोट लगना बताई जा रही है। गांव महेरा निवासी राकेश (30) पुत्र जवाहर लाल मजदूरी करके अपने …

सालारपुर/बदायूं, अमृत विचार। थाना मूसाझाग क्षेत्र के एक गांव निवासी मजदूर की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया जिसमें मौत की वजह सिर व सीने में चोट लगना बताई जा रही है।

गांव महेरा निवासी राकेश (30) पुत्र जवाहर लाल मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। पंजाब में रहकर एक भट्ठे पर काम करते थे। दो महीने पहले वह अपने गांव आए थे। परिवार के बाकी सदस्य पंजाब में ही रहकर काम करते हैं। गुरुवार को राकेश की मौत हो गई। सुबह पंजाब में रह रहे परिजनों को सूचना मिली तो वह बदायूं पहुंच गए।

राकेश के छोटे भाई राजेश ने बताया कि राकेश बीते बुधवार को पंजाब से वापस आया था और रात के समय कहीं चला गया। परिवार ने जगह-जगह ढूंढ़ा लेकिन वह नहीं मिला। गुरुवार को राकेश घर के दरवाजे के पास खड़ंजे पर घायल अवस्था में पड़ा मिला। एंबुलेंस की मदद से उसे दातागंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया।

डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल और वहां से बरेली रेफर कर दिया गया। बरेली ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतक की मां सावित्री देवी ने हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया जिसकी रिपोर्ट के अनुसार उसकी मौत सिर व सीने में चोट लगने से हुई है। एसओ राजेश कुमार ने बताया कि परिजन पुलिस को मौत की सूचना दिए बिना शव अंतिम संस्कार को ले जा रहे थे। जानकारी होने पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। राकेश की मौत छत से गिरने से हुई है।

संबंधित समाचार