मुरादाबाद : सरकार के विरोध में दूसरे दिन भी गरजे स्वास्थ्यकर्मी, ठप रही ओपीडी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। कोरोना काल में स्वास्थ्यकर्मियों के स्थानांतरण के विरोध में शनिवार को भी चिकित्सा स्वास्थ्य महासंघ के बैनर तले चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों का कार्य बहिष्कार जारी रहा। सुबह दो घंटे तक ओपीडी में सभी सेवाएं ठप रहीं। इससे परेशान मरीजों को दूसरे दिन भी परेशानी का सामना करना पड़ा। आंदोलित कर्मी अब सोमवार …

मुरादाबाद, अमृत विचार। कोरोना काल में स्वास्थ्यकर्मियों के स्थानांतरण के विरोध में शनिवार को भी चिकित्सा स्वास्थ्य महासंघ के बैनर तले चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों का कार्य बहिष्कार जारी रहा। सुबह दो घंटे तक ओपीडी में सभी सेवाएं ठप रहीं। इससे परेशान मरीजों को दूसरे दिन भी परेशानी का सामना करना पड़ा। आंदोलित कर्मी अब सोमवार को लखनऊ में स्वास्थ्य महानिदेशक का घेराव करने की रणनीति को अंजाम देने में जुट गए हैं।

दूसरे दिन पीएमएस एसोसिएशन, डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन, राजकीय नर्सेज संघ, उप्र प्रयोगशाला प्राविधिक संघ, एक्सरे टेक्नीशियन एवं अन्य एसोसिएशनों के लोग सुबह आठ बजे ही कार्य बहिष्कार कर आंदोलन में शामिल हो गए थे। इससे नए पर्चे बनवाने तथा जांच कराने के लिए आए रोगियों को उनके कार्य बहिष्कार की समयावधि खत्म होने का इंतजार करना पड़ा। इस दौरान आंदोलनकारियों ने सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की।

डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संदीप बंडोला ने कहा कि चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी कोरोना संक्रमण काल में अपनी जान की चिंता न कर कोरोना संक्रमितों की चिकित्सा में पूरे मनोयोग से जुटे रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में वे कोरोना की चपेट में आ गए। कई को अपने जीवन से भी हाथ धोना पड़ा। लेकिन फिर भी कर्तव्य से पीछे नहीं हटे। कहा कि उसके बदले में सरकार स्थानांतरण के चाबुक से हमें उत्पीड़ित करने का काम कर रही है। ऐसे में हम सरकार की स्थानांतरण नीति का पुरजोर विरोध करने को मजबूर हैं।

उन्होंने कहा कि मरीजों के हित में केवल सुबह में दो घंटे ओपीडी में कार्य बहिष्कार किया जा रहा है। यदि सरकार ने हमारी बात नहीं मानी तो आंदोलन को प्रदेशव्यापी कर दिया जाएगा। इसी क्रम में 12 जुलाई को प्रदेश भर के स्वास्थ्यकर्मी लखनऊ पहुंचकर स्वास्थ्य महानिदेशक का घेराव करेंगे। पीएमएस एसोसिएशन के जनपदीय अध्यक्ष डॉ. अरुण तोमर ने स्थानांतरण की नीति का विरोध कर कहा कि इससे स्वास्थ्यकर्मियों को बाहर रखना चाहिए। इस दौरान आशुतोष त्यागी, हेमंत चौधरी, निश्चल भटनागर, पूनम मैत्री, शालिनी भटनागर, अरविंद सिंह, डॉ. आरएस गंगवार, चंद्रशेखर शर्मा, महेश सिंह, लक्ष्मण सिंह, सीमा भारती, डॉ. आरपी मिश्रा, पीपी सिंह आदि उपस्थित रहे।

10 बजे के बाद ओपीडी में लगी भीड़
कार्य बहिष्कार की अवधि समाप्त होते ही 10 बजे के बाद जब चिकित्सक और कर्मी अपने निर्धारित कक्षों में बैठे तो ओपीडी में पर्चा बनवाने, परामर्श लेने वालों की भीड़ लग गई। इसके साथ ही विभिन्न विभागों में जांच कराने वालों की भी लंबी कतार लग गई। इससे पहले गर्मी में दो घंटे का इंतजार उसके बाद अपनी बारी के लिए कतार में लगना लोगों के लिए काफी कष्टकारी साबित हुआ।

संबंधित समाचार