बदायूं: रामगंगा में डूबे दूसरे किशोर का भी शव बरामद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार। थाना हजरतपुर क्षेत्र के एक गांव से गुजरने वाली रामगंगा नदी में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। एक का शव शनिवार को मिल गया था जबकि दूसरे का शव कुछ ही दूरी पर रविवार को मिला। रविवार को पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। शाम के समय दोनों …

बदायूं, अमृत विचार। थाना हजरतपुर क्षेत्र के एक गांव से गुजरने वाली रामगंगा नदी में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। एक का शव शनिवार को मिल गया था जबकि दूसरे का शव कुछ ही दूरी पर रविवार को मिला। रविवार को पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। शाम के समय दोनों की अंत्येष्टि की गई। राजस्व विभाग की ओर से शासन को सूचना भेजी गई है।

शनिवार को थाना हजरतपुर के गांव सुकटिया रुंद निवासी चचेरे-तहेरे भाई सुबोध (15) पुत्र पप्पू सिंह और राणा (15) पुत्र सुरेश सिंह गांव से तकरीबन एक किलोमीटर दूर रामगंगा नदी के चितरी घाट पर नहाने गए थे। नहाने के दौरान दोनों डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने शनिवार को राणा को बाहर निकाला जिसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पाकर परिजन भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना मिली तो इंस्पेक्टर भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आसपास गांवों के गोताखोरों की मदद से सुबोध की तलाश की गई लेकिन शनिवार देर शाम तक शव नहीं मिला।

रविवार को परिजनों ने सुबह के समय सुबोध की तलाश की तो घटनास्थल से तकरीबन दो किलोमीटर दूर पुल के पास सुबोध का शव मिल गया। राजस्व विभाग के अधिकारियों ने गांव में जाकर जानकारी ली और रिपोर्ट शासन को भेज दी है। सीओ दातागंज बलदेव सिंह ने बताया कि रामगंगा में डूबने से दो किशोरों की मौत हुई है। दोनों के शव मिल गए हैं। पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है। यदि तहरीर आती है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार