बरेली: न पुलिस न आरटीओ को मतलब, चांदी काट रहा स्टैंड वाला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। संभागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में फर्जी स्टैंड के संचालन का मामला सामने आने के बाद नकटिया चौकी इंचार्ज की भी बड़ी लापरवाही सामने आई है। एआरटीओ प्रशासन की तरफ से दी गई तहरीर के बाद भी दो दिन तक पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है। मामला मीडिया में आने …

बरेली, अमृत विचार। संभागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में फर्जी स्टैंड के संचालन का मामला सामने आने के बाद नकटिया चौकी इंचार्ज की भी बड़ी लापरवाही सामने आई है। एआरटीओ प्रशासन की तरफ से दी गई तहरीर के बाद भी दो दिन तक पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है। मामला मीडिया में आने के बाद स्टैंड संचालक ने बाइक स्टैंड को हटाकर जगह खाली कर दी है।

आरटीओ के बाहर दलालों के साथ अवैध स्टैंड का संचालन करने वाला गिरोह भी सक्रिय है। आरटीओ कार्यालय के नाम से स्टैंड की पर्ची बनाकर लोगों से अवैध वसूली की जा रही है। जिसका खुलासा रविवार को हुआ था। अधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के बाद पुलिस को अवैध स्टैंड संचालक पर कार्रवाई के लिए तहरीर दी गई है लेकिन नकटिया चौकी इंचार्ज तहरीर लेकर ही शांत ही बैठ गए।

उन्होंने तहरीर मिलने के बाद मौके पर जाकर एक बार भी स्टैंड संचालक से पूछताछ करना उचित नहीं समझा। हालंकि अखबारों में खबर छपने के बाद स्टैंड संचालक ने सोमवार की सुबह से अपना स्टैंड वहां से हटाकर जमीन को खाली कर दिया।

मनमाने वसूले जा रहे थे दाम
संभागीय परिवहन विभाग की खुद की कोई पार्किंग नहीं है। विभाग के सामने खाली पड़ी जमीन पर ही लोग अपने वाहन खड़े करते हैं। इसका फायदा उठाकर दलालों ने विभाग के सामने मुख्य सड़क के पार अवैध पार्किंग खोल दी। वसूली के लिए उन्होंने बाकायदा रसीद भी बनवाई है जिस पर उन्होंने स्पष्ट लिखा है कि आरटीओ कार्यालय पार्किंग। अवैध स्टैंड संचालक कार पार्किंग के नाम पर 20 रुपये और ट्रक पार्किंग के नाम पर 50 रुपये की वसूली कर रहे हैं। तीन घंटे के बाद पार्किंग का शुल्क दोगुना कर दिया जाता है।

अधिकारी बोले

एआरटीओ प्रशासन आरपी सिंह ने बताया कि अवैध बाइक स्टैंड का मामला सामने आने के बाद हमने नकटिया चौकी इंचार्ज से मिलकर उन्हें तहरीर दी थी। हालंकि अब सोमवार को स्टैंड को हटा दिया गया है। अगर दोबारा स्टैंड लगने की जानकारी मिलती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

नकटिया चौकी इंचार्ज रमेश शर्मा ने बतया कि एआरटीओ ने तहरीर दी थी। मगर शनिवार और रविवार को अवकाश होने की वजह से मौके पर जाकर जांच नहीं कर पाया था। जांच के बाद अगर आरोप सही पाए गए तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार