मुरादाबाद : बहन के घर से लौट रहे बाइक सवार युवक की हादसे में मौत, दो बेटे और भांजी घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। बहन के घर से लौट रहा अमरोहा का युवक मझोला थानाक्षेत्र में हादसे का शिकार हो गया। मझोला थानाक्षेत्र में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसकी बाइक को रौंद दिया। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसके दो बेटे और भांजी …

मुरादाबाद, अमृत विचार। बहन के घर से लौट रहा अमरोहा का युवक मझोला थानाक्षेत्र में हादसे का शिकार हो गया। मझोला थानाक्षेत्र में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसकी बाइक को रौंद दिया। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसके दो बेटे और भांजी गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की जानकारी मिलते ही मझोला और पाकबड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना को अंजाम देने के बाद चालक डंपर समेत मौके से फरार हो गया। मझोला पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल तीनों बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक की जेब से मिले एक लाख रुपये पुलिस ने कब्जे में ले लिए हैं।

अमरोहा जनपद की हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव रखेड़ा निवासी मुन्नू मिनी ट्रक चलाता था। वह किसी काम के लिए पैसे लेने अपनी बहन कमलेश पत्नी अशोक के घर रामपुर के कली नगर गया था। साथ में उसके दो बेटे 13 वर्षीय दीपक और 10 वर्षीय कुलदीप भी थे। वापस आते समय मुन्नू की सात वर्षीया भांजी राशि भी साथ चलने की जिद करने लगी। इस पर उसने राशि को भी बाइक पर बैठा लिया।

देर शाम चारों लोग मझोला थानाक्षेत्र में कृष्णा बाल विद्या मंदिर इंटर कालेज के पास ही पहुंचे थे कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को रौंद दिया। इस हादसे में बाइक चला रहे मुन्नू की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दीपक, कुलदीप और राशि गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की जानकारी मिलते ही मझोला और पाकबड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। मझोला थाने के एसआई ललित कुमार ने मृतक की तलाशी ली तो उसकी जेब से एक लाख 335 रुपये और मोबाइल फोन मिला। एसआई ने नकदी व मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया।

इसके बाद घायल बच्चों को जिला अस्पताल भेज दिया गया। मौके पर मौजूद पाकबड़ा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम पहुंचाया। इंस्पेक्टर पाकबड़ा योगेंद्र कृष्ण यादव ने बताया कि शव को उन्होंने पीएम के लिए भिजवाया दिया था मगर घटनास्थल मझोला थानाक्षेत्र में है। इसलिए आगे की कार्रवाई मझोला पुलिस ही करेगी।

संबंधित समाचार