मुरादाबाद : जहर की शीशी लेकर एसएसपी ऑफिस पहुंची पूर्व पार्षद की बहू, मचा हड़कंप
मुरादाबाद, अमृत विचार। जेठ जेठानी से विवाद में कार्रवाई न होने पर पूर्व पार्षद की बहू पर्स में जहर की शीशी लेकर सुबह आठ बजे ही न्याय की गुहार लगाने एसएसपी आफिस पहुंच गई। इस दौरान वह चक्कर खाकर गिरी तो वहां पर हड़कंप मच गया। मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह उसे संभाला। इस दौरान …
मुरादाबाद, अमृत विचार। जेठ जेठानी से विवाद में कार्रवाई न होने पर पूर्व पार्षद की बहू पर्स में जहर की शीशी लेकर सुबह आठ बजे ही न्याय की गुहार लगाने एसएसपी आफिस पहुंच गई। इस दौरान वह चक्कर खाकर गिरी तो वहां पर हड़कंप मच गया। मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह उसे संभाला। इस दौरान उसके पर्स से जहर की शीशी बरामद हुई तो सबके होश उड़ गए। सिविल लाइंस पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
कटघर कोतवाली क्षेत्र के बरवालान निवासी स्व. कैलाशो देवी वार्ड 58 की पार्षद थीं। उनके पुत्र गुड्डे ने बताया कि छोटी-छोटी बातों को लेकर उसकी भाभी आए दिन घर में कलह करती है। मंगलवार सुबह उसने उसकी पत्नी यामनी उपचंद पर बाल्टी और तवे से हमला कर दिया था। इसके बाद उनकी पत्नी कटघर थाने गई और तहरीर दी मगर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। जब पुलिस नहीं आई तो आरोपी महिला उसे ताने देने लगी।
इससे डिप्रेशन में आई यामनी ने मंगलवार देर शाम कटरा बजार से जहर की शीशी खरीद ली। बुधवार की सुबह वह पर्स में उसे लेकर न्याय की गुहार लगाने के लिए एसएसपी ऑफिस पहुंच गई। तब तक एसपी भी कार्यालय नहीं आए थे। तनाव के चलते शिकायत करने से पहले ही वह चक्कर खाकर जमीन पर गिर गई। इससे वहां हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मियों ने महिला को किसी तरह संभाला। तलाशी ली तो उसके पर्स में जहर की शीशी बरामद हुई। इस दौरान सिविल लाइंस पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और महिला को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया।
रात भर भूखे रहने के कारण आया चक्कर
यामनी के अनुसार जेठ व जेठानी ने उसका व उसके दोनों बच्चों अभिनव तथा ईशान का जीना हराम कर रखा है। घर में रसोई भी नहीं दे रखी है। छोटी-छोटी बातों पर मारपीट करती है। आए दिन के झगड़ों से वह तंग आ चुकी है। दूसरे जेठ पोपट लाल उर्फ हेमंत कुमार ने उसे अपनी मोबाइल की दुकान में छोटी सी जगह दे रखी है। इसी से वह अपनी व अपने परिवार की गुजर बसर करती है।
उसका पति भी बड़े भाई पोपट लाल के साथ ही काम करता है। वह उसे केवल दिहाड़ी देते हैं। उसके पति ने बुध बाजार में फड़ लगाया तो उसे भी हटवा दिया। उसके अनुसार इन सब चीजों से वह बहुत अधिक मानसिक तनाव में आ गई है। मंगलवार की सुबह भी उसने उसके साथ मारपीट की तथा बर्तन तोड़ दिए। बाल्टी और तवे से हमला किया। इसके चलते उसके घर में न दिन में खाना बना, न ही रात को। उसने बताया कि रात में पूरा परिवार बिना कुछ खाए पिए ही सो गया था। वह भूखे पेट थी इसलिए चक्कर आ गए और वह गिर गई।
रविवार को पति ने भी किया था आत्मदाह का प्रयास
यामनी ने बताया कि आए दिन की कलह से तंग आकर उसके पति ने भी रविवार को अपने शरीर पर पेट्रोल छिड़क लिया था। वह खुद को आग लगाने ही जा रहे थे कि तभी उनका दोस्त संजय वहां आ गया। उसने माचिस छीन ली। इसके बाद काफी समझा-बुझाकर उन्हें शांत किया।
थाना सिविल लाइंस पुलिस सहंसरवीर सिंह, इंस्पेक्टर ने बताया कि ऑफिस में सुबह आठ बजे एक महिला बेहोश हो गई थी। वह शिकायत लेकर आई थी। उसके पर्स में जहर की शीशी मिली थी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाद में उसका पति भी अस्पताल पहुंच गया। चिकित्सकों ने महिला को डिप्रेशन का शिकार बताया है। उसके खिलाफ फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
