नाबालिग की बरामदगी को लेकर धरने पर बैठी महिला, सात महीने से लापता छात्रा
मुरादाबाद, अमृत विचार। सात माह बाद भी मझोला पुलिस नाबालिग छात्रा का सुराग नहीं लगा सकी है। पीड़ित परिवार ने हर अधिकारी की चौखट पर गुहार लगाई। लेकिन, कोई परिणाम नहीं निकल सका। इस पर मां का धैर्य जवाब दे गया। बुधवार को वह अपनी मां और बेटे के साथ कचहरी के बाहर धरने पर …
मुरादाबाद, अमृत विचार। सात माह बाद भी मझोला पुलिस नाबालिग छात्रा का सुराग नहीं लगा सकी है। पीड़ित परिवार ने हर अधिकारी की चौखट पर गुहार लगाई। लेकिन, कोई परिणाम नहीं निकल सका। इस पर मां का धैर्य जवाब दे गया। बुधवार को वह अपनी मां और बेटे के साथ कचहरी के बाहर धरने पर बैठ गई। उसका कहना है कि जब तक बेटी नहीं मिलेगी, तब तक दिन-रात धरने पर बैठी रहेगी।
संभल जनपद के धनारी थाना क्षेत्र के गांव धनारी पट्टी बालू शंकर निवासी कुमकुम पत्नी संजय सिंह की 13 वर्षीय पुत्री शोभिता राघव कक्षा नौ की छात्रा थी। वह मझोला थाना क्षेत्र के कांशीराम नगर ट्रिपल स्टोरी में रहने वाली नानी राजदुलारी के घर रहकर पढ़ाई करती थी। 10 जनवरी को ट्यूशन पढ़ने के लिए कहकर घर से निकली थी। इसके बाद वह लापता हो गई।
सभी जगह तलाश करने के बाद परिजनों ने मझोला पुलिस को सूचना दी। कुमकुम के अनुसार इस संबंध में मझोला पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कर्तव्य की इतिश्री कर ली थी। उन्होंने पुलिस को उन लोगों के नाम-पते भी बताए, जिन पर उन्हें अपनी बेटी के अपहरण का शक है, मगर कोई नतीजा नहीं निकला। आरोप है कि पुलिस आरोपियों से हमसाज हो गई और मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। धीरे-धीरे इस घटना को सात माह बीत गए। लेकिन, पुलिस उसका पता नहीं लगा सकी।
बुधवार की सुबह उसके अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने का पता चलने पर एसपी सिटी अमित कुमार आनंद मौके पर पहुंचे और उसे कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद भी वह अपनी मांग पर अड़ी रही। पीड़िता ने अपनी नाबालिग बेटी को बरामद करने, अपहणकर्ता और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार करने, उनके कुर्की वारंट जारी करने और कांशीराम चौकी प्रभारी पंकज के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग रखी। उसने चौकी इंचार्ज पर 50 हजार रुपये की मांग करने का भी आरोप लगाया। उसका कहना है कि जब तक मेरी मांगें पूरी नहीं होंगी धरना जारी रहेगा।
