बरेली: सड़क बनाने के लिए 1.34 करोड़ से होगा भूमि का अधिग्रहण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शहरी क्षेत्र में होने के बावजूद परसाखेड़ा गौंटिया और गरगईया उर्फ गोकिलपुर अब तक मुख्य सड़क से नहीं जुड़ सका है। ऐसे में यहां रहने वाले सैकड़ों परिवारों को रामपुर हाईवे तक आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है। इन दोनों ही आबादी क्षेत्रों को रास्ता देने के लिए नगर निगम प्रशासन …

बरेली, अमृत विचार। शहरी क्षेत्र में होने के बावजूद परसाखेड़ा गौंटिया और गरगईया उर्फ गोकिलपुर अब तक मुख्य सड़क से नहीं जुड़ सका है। ऐसे में यहां रहने वाले सैकड़ों परिवारों को रामपुर हाईवे तक आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है। इन दोनों ही आबादी क्षेत्रों को रास्ता देने के लिए नगर निगम प्रशासन करीब 1.34 करोड़ रुपये से भूमि का अधिग्रहण करने जा रही है। इसके लिए नगर आयुक्त की ओर से शासन से स्वीकृति मांगी गई है।

निगम की बैठक में प्रस्वाव को मंजूरी
परसाखेड़ा गौंटिया और गरगईया उर्फ गोकिलपुर को मुख्य सड़क रामपुर रोड से जोड़ने के लिए नई सड़क के निर्माण को लेकर भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। इस संबंध 29 अगस्त 2019 को नगर निगम की सामान्य बैठक में इस सड़क को बनाने के लिए भूमि खरीद संबंधी प्रस्ताव को स्वीकृति दी जा चुकी है। इसके बाद क्षेत्र की पार्षद जावित्री कश्यप प्रस्ताव पर निगम के मूल बजट वर्ष 2020-21 की विशेष बैठक में सदन ने इस सड़क को बनाने के लिए भूमि क्रय को दो करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान करने की भी स्वीकृति दे दी।

6340 वर्गमीटर भूमि की आवश्यकता
इस सड़क को बनाने के लिए 6340 वर्गमीटर भूमि के अधिग्रहण की आवश्यकता है। इस सड़क के बीच में रेलवे लाइन पर समपार भी बनना है। इस प्रस्ताव को लेकर नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने कुछ दिन पहले प्रमुख सचिव नगर विकास को पत्र भेजकर काश्तकारों से भूमि की खरीद के लिए करीब 1.34 करोड़ रुपये के बजट की स्वीकृति मांगी है।

औपचारिकता पूरी होने के बाद बाकी कार्रवाई
अधिकारियों का कहना है कि यह औपचारिकता पूरी होने के साथ भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई एलएलएओ यानी विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी के माध्यम से शुरू कर दी जाएगी। उधर इस सड़क का निर्माण अब तक न हो पाने से संबंधित आबादी क्षेत्र के लोगों को अब जल्द ही उनकी समस्या का निदान होता दिखाई दे रहा है।

संबंधित समाचार