मुरादाबाद : बाइकों की भिड़ंत में दो लोगों की मौत, तीसरा घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। देर शाम पाकबड़ा थानाक्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक चला रहे दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी मिलते ही युवक के परिजन रोते-बिलखते मोर्चरी पहुंच गए। एक मृतक की पहचान नहीं …

मुरादाबाद, अमृत विचार। देर शाम पाकबड़ा थानाक्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक चला रहे दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी मिलते ही युवक के परिजन रोते-बिलखते मोर्चरी पहुंच गए। एक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। घायल युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के गांव नया गांव मऊ निवासी 25 वर्षीय आशीष खेतीबाड़ी करता था। गांव में ही रहने वाले उसके फुफेरे भाई उमेश की बारात असमोली थानाक्षेत्र के गांव टांडा कोठी गई थी। इसमें शामिल होने के लिए आशीष अपने मौसेरे भाई सुनेश के साथ बाइक से गया था। देर शाम दोनों भाई घर लौट रहे थे।

पाकबड़ा थानाक्षेत्र में सीएनजी पंप के पास असमोली रोड पर सामने से आ रही बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में आशीष और दूसरे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सुनेश गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को जिला अस्पताल भेज दिया। जहां चिकित्सकों ने आशीष और अज्ञात युवक को देखते ही मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद दोनों के शव मोर्चरी में रखवा दिए गए। हादसे की जानकारी मिलने पर आशीष और सुनेश के परिजन भी रोते-बिलखते मोर्चरी पहुंच गए। आशीष की मौत से उसकी पत्नी स्वाति, विधवा मां प्रवेश देवी तथा भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हादसे का शिकार हुआ आशीष छह भाइयों व तीन बहनों में सबसे छोटा था। उसका डेढ़ साल का बेटा आयुष है।

संबंधित समाचार