उन्नाव: प्रेम प्रसंग में मां बनी रोड़ा, बेटी ने प्रेमी के साथ मिलाकर उठाए ये खौफनाक कदम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव। कहते हैं कि स्त्री हृदय कोमल और ममत्व से परिपूर्ण होता है लेकिन जवानी की दहलीज पर आकर जब कदम बहक जाते हैं तो वे किस हद तक जाएंगे इसका अंदाजा भी नहीं लगाया जा सकता। कई दफा इसके परिणाम इतने घातक होते है जो पूरे समाजिक ताने बाने को झकझोर कर रख देते …

उन्नाव। कहते हैं कि स्त्री हृदय कोमल और ममत्व से परिपूर्ण होता है लेकिन जवानी की दहलीज पर आकर जब कदम बहक जाते हैं तो वे किस हद तक जाएंगे इसका अंदाजा भी नहीं लगाया जा सकता। कई दफा इसके परिणाम इतने घातक होते है जो पूरे समाजिक ताने बाने को झकझोर कर रख देते हैं। ऐसी ही कहानी सामने निकल कर आयी बीते दिन शहर कोतवाली के हुसैन नगर में हुई महिला की हत्या के मामले में। जहां सगी बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर मां की हत्या करा दी। मामले का पटाक्षेप करते हुए पुलिस ने आरोपी युवक के साथ ही युवती को भी अभिरक्षा में ले लिया है।

पुलिस लाइन सभागार में शुक्रवार को घटना का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक आनंद कुलकर्णी ने बताया कि सदर कोतवाली के हुसैन नगर निवासी बचन्ने पुत्र स्व0 पुत्ती ने पुलिस को सूचना देते हुए किसी अज्ञात व्यक्ति पर पत्नी पप्पी की हत्या करने का अरोप लगाया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की छानबीन शुरू की। इस दौरान यह जानकारी मिली कि गांव के आयूब खान उर्फ सलमान पुत्र रहमत अली से बचन्ने की बेटी का प्रेम प्रसंग चल रहा है और उसके घर भी आना जाना होता था। शक की सुई बेटी के प्रेमी पर घूमने पर उसकी तलाश शुरू हुई।

कोतवाली प्रभारी ने आयूब उर्फ सलमान को सुबह तकरीबन 6.30 बजे हुसैन नगर चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकारी उसकी निशानदेही पर आला ए कत्ल ईंट व खून से सने कपड़े बरामद कर लिए गए। आयूब उर्फ सलमान ने पूछताछ में यह बात भी स्वीकार की है कि उसकी बेटी से उसका प्रेम प्रसंग है। जो उसकी मां पप्पी को रास नहीं आता था। उसने बताया कि उसकी प्रेमिका ने कुछ जेवरात भी उसे दिए थे। जिसकी जानकारी उसकी मां को हो गयी थी।

इसीलिए उसे रास्ते हटाने की योजना बनाई गयी। बुधवार को बचन्ने ट्रैक्टर लेकर जब पुरवा चला गया तो बेटी ने उसे फोन करके घर बुलाया। देर रात वह अपनी मां को जगाकर सीढ़ियों के पास लेकर आई। इसी दौरान वहां पहले से छिपे आयूब उर्फ सलमान ने पीछे से पप्पी के सिर पर ईंट से प्रहार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। हत्या में प्रयुक्त ईंट को बगल के कमरे में रखे भूसे में छिपाने के बाद वह वहां से अपने घर चला आया। पुलिस अधीक्षक आनन्द कुलकर्णी ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। उसकी प्रेमिका को भी अभी महिला पुलिस की अभिरक्षा में रखा गया है।

संबंधित समाचार