बरेली: सेना में भर्ती के लिए मेडिकल में फर्जीवाड़ा, चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सेना भर्ती के मेडिकल में फर्जीवाड़ा सामने आया है। दो अभ्यर्थियों ने मेडिकल में अपनी जगह दूसरे युवकों को भेज दिया। अस्पताल में मेडिकल के दौरान डॉक्टर को दस्तावेज और फोटो मिलान पर शक हुआ तो युवकों से पूछताछ की गई। पूछताछ में युवकों ने दूसरे के स्थान पर मेडिकल में शामिल …

बरेली, अमृत विचार। सेना भर्ती के मेडिकल में फर्जीवाड़ा सामने आया है। दो अभ्यर्थियों ने मेडिकल में अपनी जगह दूसरे युवकों को भेज दिया। अस्पताल में मेडिकल के दौरान डॉक्टर को दस्तावेज और फोटो मिलान पर शक हुआ तो युवकों से पूछताछ की गई। पूछताछ में युवकों ने दूसरे के स्थान पर मेडिकल में शामिल होने की बात कबूल ली। उसके बाद तीन युवकों को सेना ने कैंट थाना पुलिस के हवाले कर दिया। सेना के मेजर की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस फरार युवक की तलाश कर रही है।

16 जुलाई शुक्रवार को ललित लटवाल और धीरज कुमार भर्ती केंद्र सैन्य अस्पताल में मेडिकल कराने गए थे। जहां बायोमैट्रिक प्रक्रिया से निकलने के बाद ललित नटवाल आंख विभाग और धीरज हड्डी विभाग में स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पहुंचे। पुलिस से की गई शिकायत के मुताबिक ललित की आंख व धीरज की हड्डी में दिक्कत थी। मेडिकल से पहले ही दोनों अभ्यर्थियों ने अपने स्थान पर दूसरे लोगों को भेजने की तैयारी कर ली। ललित लटवाल की जगह बलम सिंह आंख विभाग और धीरज कुमार की जगह ललित सिंह नेगी हड़्डी विभाग में पहुंच गए।

चिकित्सकों द्वारा जब अभ्यार्थियों के कागजात व फोटो देखे तो सामने खड़े युवक शक के दायरे में आ गए। जांच कराने पहुंचे युवकों की जानकारी अभ्यार्थियों की फाइल में मौजूद जानकारी से मेल नहीं खा रही थी। जिसके बाद चिकित्सकों ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी। पूछताछ करने पर जांच कराने पहुंचे युवकों ने फर्जीवाड़ा करने की बात को स्वीकार कर लिया। जिसके बाद सेना मेजर एसके मिश्रा ने चारों आरोपियों के खिलाफ कैंट थाने में लिखित शिकायत दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 419 व 420 के तहत रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ लिया लेकिन धीरज सिंह फरार हो गया।

उत्तराखंड के निवासी हैं चारों आरोपी
मेजर एसके मिश्रा द्वारा पुलिस से की गई शिकायत में बताया गया कि आरोपी ललित सिंह नेगी कौशिया टिटौली नैनीताल, बलम सिंह मटियाली हरीशताल, लाबरडोवा, नैनीताल, ललित लटवाल विवेकानंदपुरी खतियारी, अल्मोड़ा और धीरज कुमार नौनीताल के रहने वाले हैं। ललित सिंह नटवाल और धीरज ने बलम सिंह और ललित नेगी को अपने स्थान पर मेडिकल कराने के लिए तीन लाख रुपये में सौदा किया था। रकम मेडिकल होने के बाद देना तय हुआ था। बताया जा रहा है कि पकड़े गए युवक छात्र हैं। उनके परिजन नहीं आए। पुलिस फरार धीरज की तलाश कर रही है।

पहले भी पकड़ा गया फर्जीवाड़ा
सेना भर्ती में फर्जीवाड़ा पहले भी पकड़ा गया है। सेना में भर्ती होने वाले अभ्यर्थी कभी लिखित परीक्षा में अपने स्थान पर दूसरे युवक को बैठाते हैं तो कभी मेडिकल में। इसको लेकर रकम भी दी जाती है। बरेली में भी सेना ने कई युवकों को पहले भी पकड़कर पुलिस के हवाले किया है।

संबंधित समाचार