लखीमपुर खीरी: बदसलूकी की शिकार सपा उम्मीदवार से मिलने सेमराघाट गांव पहुंचीं प्रियंका गांधी
मैगलगंज/लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा शनिवार को ब्लाक प्रमुख के नामांकन के दौरान बदसलूकी की शिकार सपा की प्रत्याशी व उनकी प्रस्तावक से मिलने मैगलगंज के सेमराघाट गांव पहुंचीं। उन्होंने करीब 20 मिनट तक दोनों महिलाओं से बात की और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। प्रियंका ने …
मैगलगंज/लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा शनिवार को ब्लाक प्रमुख के नामांकन के दौरान बदसलूकी की शिकार सपा की प्रत्याशी व उनकी प्रस्तावक से मिलने मैगलगंज के सेमराघाट गांव पहुंचीं। उन्होंने करीब 20 मिनट तक दोनों महिलाओं से बात की और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। प्रियंका ने कहा कि इतना बड़ा बवाल होने के बाद भी चुनाव क्यों नहीं रद्द किया गया।
पसगवां ब्लाक प्रमुख पद के नामांकन के दौरान सपा की प्रत्याशी रीतू सिंह व प्रस्तावक अनिता यादव के साथ भाजपाइयों ने बदसलूकी की थी। खींचतान में उनके कपड़े भी फट गए थे। पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में ही महिला प्रत्याशी के साथ हाथापाई करते हुए नामांकन पत्र भी फाड़ दिया गया था। इस मामले के सियासी हलकों में काफी तूल पकड़ने के बाद सीओ मोहम्मदी, दो इंस्पेक्टर व तीन चौकी इंचार्जों को निलंबित कर दिया गया और तीन आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
लखनऊ दौरे पर आईं कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा शनिवार दोपहर 11:20 बजे मैगलगंज के सेमराघाट गांव आईं। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष लल्लू सिंह भी थे। उन्होंने सपा नेता क्रान्तिकुमार सिंह के आवास पर पीड़िता रीतू सिंह व प्रस्तावक अनिता यादव से 20 मिनट बातचीत की। प्रियंका को क्रान्तिकुमार सिंह ने घटनास्थल के वीडियो क्लिप भी दिखाए। महिलाओं से मिलने के बाद प्रियंका वाड्रा मीडिया से रूबरू हुईं।
उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को आगे बढ़ाने व उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के दावे करती है लेकिन इस घटना में तो महिलाओं के अधिकारों का हनन किया गया। यह कैसा लोकतंत्र है। महिलाओं को चुनाव लड़ने से रोकने के लिए उनके साथ अभद्रता कर कपड़े फाड़े गए। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। जिस सीओ ने महिला को बचाने का प्रयास किया कार्रवाई के नाम पर उसे ही निलम्बित कर दिया गया। इतना बड़ा बवाल होने के बाद चुनाव रद्द क्यों नहीं किया गया? क्या दस बारह गुंडे मारपीट कर चुनाव जीत लेंगे? प्रियंका वाड्रा ने कहा कि पसंगवा ब्लाक का चुनाव रद कर दोबारा मतदान होना चाहिए।
