बरेली: एकजुटता के साथ संगठन को और ताकत दें व्यापारी- विजय प्रकाश
बरेली,अमृत विचार। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के तत्वाधान में डीडीपुरम स्थित एक होटल में भामाशाह सम्मान कार्यक्रम का आयोजन हुआ जिसमें भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय प्रकाश जैन और प्रांतीय अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा ने व्यापारी हित में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमी दिनेश गोयल को भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया। शनिवार …
बरेली,अमृत विचार। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के तत्वाधान में डीडीपुरम स्थित एक होटल में भामाशाह सम्मान कार्यक्रम का आयोजन हुआ जिसमें भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय प्रकाश जैन और प्रांतीय अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा ने व्यापारी हित में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमी दिनेश गोयल को भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया।
शनिवार देर शाम होटल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने व्यापारियों से एकजुटता के साथ काम करते हुए संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया। कहा कि भारतवर्ष में इतनी बड़ी महामारी के बावजूद भी व्यापार और उद्योग ने देश की अर्थव्यवस्था को डिगने नहीं दिया। इसलिए व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं होगा। जीएसटी की विसंगतियों और हॉलमार्किंग की अनिवार्यता को अव्यवहारिक बताया।
प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा ने कहा कि बरेली का व्यापार मंडल प्रदेश का सबसे प्रभावशाली संगठन है। कोरोना में हुई क्षति पर व्यापारी दुर्घटना बीमा का दायरा 10 लाख से भी अधिक बढ़ाने की बात कही। मंडी शुल्क, खाद्य शुल्क समेत सभी तरह के लाइसेंस की वैधता आजीवजन करने की मुख्यमंत्री के समक्ष मांग रखने की बात कही। प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता ने व्यापारी हित में चलाए गए सदस्यता अभियान समेत अन्य कार्यों की प्रशंसा की। कानून व्यवस्था पर बोले-अधिकारियों का रुख व्यापारियों के प्रति अधिक सकारात्मक नहीं है। चेतावनी दी कि व्यापारी वर्ग को अगर किसी भी तरह की परेशानी हुई तो व्यापार मंडल कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।
कार्यक्रम का संचालन महामंत्री राजेश जसोरिया ने किया। कोषाध्यक्ष संजीव चान्दना ने सभी का आभार जताया। दुर्गेश खटवानी, विपिन गुप्ता, श्याम मिठवानी, गुलशन सब्बरवाल, विमल भारद्वाज, प्रकाश आयलानी, कैलाश मित्तल, अजय गुप्ता शैंकी, मोहसिन आलम, उन्मुक्त शील सहित शहर के प्रमुख व्यवसाई व उद्यमी मौजूद रहे।
बेरोजगारों को रोजगार देगा आईआईए
भामाशाह सम्मान से सम्मानित इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव दिनेश गोयल ने कहा कि उद्योग और व्यापार एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। पिछले कुछ समय से बरेली में व्यापार मंडल ने उद्योगों और व्यापार के विकास के लिए अनेकों प्रयास किए हैं जिसकी जितनी प्रशंसा की जाए वह कम है। कोरोना काल में बेरोजगार हुए लोगों को आईआईए की तरफ से रोजगार मुहैया कराने की बात कही। यह भी कहा कि उद्योग में जब विषम परिस्थितियां आती हैं तो व्यापार मंडल उद्योगों की लड़ाई को सरल बना देता है। राजेंद्र गुप्ता ने सभी का धन्यवाद करते हुए कहा कि बरेली के लिए यह सौभाग्य का विषय है कि इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन व उत्तर प्रदेश बार काउंसिल में बरेली को प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त हुआ।
