गजरौला : हाईवे पर सड़क हादसे में दो लोगों की मौत, चार घायल, मचा कोहराम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गजरौला,अमृत विचार। हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने पहले ई-रिक्शा में टक्कर मारी और फिर एक साइकिल सवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में साइकिल सवार समेत दो लोगों की मौत हो गई। कार मालिक, उसके पुत्र समेत चार लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए …

गजरौला,अमृत विचार। हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने पहले ई-रिक्शा में टक्कर मारी और फिर एक साइकिल सवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में साइकिल सवार समेत दो लोगों की मौत हो गई। कार मालिक, उसके पुत्र समेत चार लोग घायल हो गए।

मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दूसरा मृतक मेरठ का था जिसे परिजन वहां ही ले गए। मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जिससे राहगीरों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानठेर निवासी देवराज सिंह (42) पुत्र हरप्रसाद विश्वकर्मा गजरौला के इंदिरा चौक स्थित एक निजी बैंक पर सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत था। सुबह वह अपनी ड्यूटी पर जाने के लिए घर से साईकिल से निकला था। जब वह शहबाजपुर डोर के पास बगद नदी के पुल के पास पहुंचा, तो उसके पास में एक ई-रिक्शा चल रही थी।

तभी दिल्ली दिशा से आई तेज गति की एसयूवी कार ने पहले ई-रिक्शा को अपनी चपेट में लिया और फिर साईकिल सवार को भी टक्कर मार दी। हादसे में साईकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ई-रिक्शा में सवार पति-पत्नी, चालक और कार में सवार कार मालिक राजीव जैन व उनका पुत्र ऋषभ जैन निवासी चाबड़ी बाजार, चांदनी चौक दिल्ली भी घायल हो गए।

राजीव जैन को नगर के एमएम अस्पताल व ई-रिक्शा चालक को कांकाठेर स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। ई-रिक्शा में सवार युवक की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए मेरठ के लिए रेफर कर दिया। बताते हैं कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मरने वाले का नाम सुनील कुमार निवासी गली नंबर 10, नियर पीवीआर माल मेरठ है।

उधर, हादसे के बाद हाईवे पर दो किमी लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन के जरिये हटवाने का प्रयास किया। जब जाकर यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सका। देवराज के घर पर हादसे का पता चला तो परिजनों में कोहराम मच गया। वे गजरौला औद्योगिक चौकी पहुंचे और जिम्मेदार कार चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी।

संबंधित समाचार