बरेली: अनाथालय की युवती को मिला अलीगढ़ का हमसफर
बरेली, अमृत विचार। अनाथालय में रहने वाली लड़की को चार साल के इंतजार के बाद उसका हमसफर मिल गया। अनाथालय परिसर में रविवार को लड़की की शादी अलीगढ़ के एक निजी बैंक में तैनात युवक से हुई। जिसमें शहर की सीता रसोई और अन्य समाजसेवियों की मदद की। विवाह की रस्म के बाद घरेलू सामान …
बरेली, अमृत विचार। अनाथालय में रहने वाली लड़की को चार साल के इंतजार के बाद उसका हमसफर मिल गया। अनाथालय परिसर में रविवार को लड़की की शादी अलीगढ़ के एक निजी बैंक में तैनात युवक से हुई। जिसमें शहर की सीता रसोई और अन्य समाजसेवियों की मदद की। विवाह की रस्म के बाद घरेलू सामान देकर विदा किया गया।
दरअसल किच्छा स्टेशन जीआरपी ने 2017 में आठ साल की उम्र में बालिका को आर्या समाज अनाथालय को सौंपा था। आरती ने पांचवीं तक की पढ़ाई अनाथालय के प्राइमरी स्कूल से ही पूरी की। इसके बाद आगे की पढ़ाई करने के लिए हाथरस में आर्य कन्या विद्यालय चली गई, जहां बीए किया। वहीं पर साथ में पढ़ने वाली अपनी सहेली के मौसेरे भाई से प्रेम हो गया। दोनों ने शादी का फैसला लिया तो अनाथालय से अनुमति लेने की बात आड़े आ गई। लड़के के परिवार के लोगों को बरेली अनाथलाय में बुलाया गया। युवक अपने परिवार के साथ बातचीत करने आया, उस समय वह बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र था और किशोरी 12वीं में पढ़ रही थी इसलिए प्रधान ने पढ़ाई पूरी करने की बात कही।
प्रधान ने शर्त रखी कि दोनों को चार साल तक अलग रहना होगा। दूरी के बाद भी अगर दोनों का प्रेम कायम रहा तो अनाथालय में ही उनकी शादी करा देंगे। इस बीच केवल उन्हें फोन से ही बातचीत करने की अनुमति थी। चार साल में युवक ने पढ़ाई पूरी कर एक निजी बैंक में नौकरी शुरू की और युवती ने भी एलएलबी का एक साल पूरा कर लिया है।
बाटला दंपती ने किया कन्यादान
अनाथालय के प्रधान हर्षवर्धन ने बताया कि आरती की शादी में शहर की सीता रसोई समिति और अन्य समाजसेवियों ने काफी मदद की। कुसुम बाटला और विजय बाटला ने आरती का कन्यादान किया। शादी समारोह में अनाथालय का कोई पैसा नहीं खर्च हुआ। बेटी को उपहार के तौर पर डबल बैड, वाशिंग मशीन, कूलर, अलमारी, टीवी, फ्रिज, इंवर्टर बैटरा, बैटरी चालित स्कूटी समेत रोजमर्रा का अन्य सामान दिया गया। वहीं वर-वधू को आशीर्वाद देने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार भी पहुंचे। इस मौके पर प्रतिभा अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, शमा गुप्ता, प्रभात किशोर अग्रवाल, राजा चावला, रमेश चंद्र अग्रवाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
