यूपी: आठ आईएएस अफसरों का हुआ तबादला, पांडियन बने नए आबकारी आयुक्त
लखनऊ। प्रदेश में अवैध शराब के बढ़ते कारोबार पर अंकुश लगाने में नाकाम आबकारी आयुक्त 2004 के आईएएस अफसर रिग्जियान सैमिफल को हटा दिया गया है। आबकारी आयुक्त के पद से हटाए गए सैमफिल को प्रतीक्षा सूची में डाला गया है, जबकि सात अन्य आईएएस अफसरों का भी तबादला किया गया है। योगी आदित्यनाथ सरकार …
लखनऊ। प्रदेश में अवैध शराब के बढ़ते कारोबार पर अंकुश लगाने में नाकाम आबकारी आयुक्त 2004 के आईएएस अफसर रिग्जियान सैमिफल को हटा दिया गया है। आबकारी आयुक्त के पद से हटाए गए सैमफिल को प्रतीक्षा सूची में डाला गया है, जबकि सात अन्य आईएएस अफसरों का भी तबादला किया गया है। योगी आदित्यनाथ सरकार ने सोमवार को आठ आईएएस अफसरों का तबादला किया है।
इनमें आबकारी आयुक्त के पद पर बीते महीने तैनाती पाने वाले रिग्जियान सैमफिल भी हैं। केंद्र सरकार की प्रतिनियुक्ति से वापस आने पर सैमफिल को अलीगढ़ शराब कांड के बाद हटाए गए पी. गुरुप्रसाद के स्थान पर आबकारी आयुक्त के पद पर तैनात किया गया था। फिलहाल उनको प्रतीक्षा सूची में रखा गया है। सैमफिल के स्थान पर उनके ही बैच के आइएएस अफसर सैंथिल पांडियन को आबकारी आयुक्त के पद पर तैनाती मिली है।
प्रतीक्षा सूची में चल रहे 1999 बैच के आइएएस अफसर पी गुरुप्रसाद को उत्तर प्रदेश विद्युत उत्पादन निगम के महानिदेशक के पद पर तैनाती मिली है। 2004 बैच की आइएएस अफसर अनामिका सिंह को सचिव बेसिक शिक्षा के पद पर तैनात किया गया है। अभी तक सचिव बेसिक शिक्षा का काम 2000 बैच के रणवीर प्रसाद देख रहे थे।
पूर्वाचल विद्युत वितरण निगम के महानिदेशक के पद से सीएम योगी आदित्यनाथ की कार्रवाई के बाद निलंबित 2008 बैच के अफसर सरोज कुमार को तीन दिन पहले ही बहाल किया गया है। अब उनको कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा में विशेष सचिव बनाया गया है। वह पहले वाराणसी में तैनात थे। प्रतीक्षा सूची में चल रहे 2006 बैच के अफसर शाहिद मंजार अब्बास रिजवी को कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा में विशेष सचिव के पद पर तैनात किया गया है।
