बरेली: श्यामगंज पुल पर बंद हो गई तस्करों की कार, तीन गिरफ्तार
बरेली, अमृत विचार। पुलिस चेकिंग देख स्मैक तस्करों ने श्यामगंज पुल पर अपनी कार को फिल्मी अंदाज में मोड़ा। कार मुड़ भी गई लेकिन तकनीकी खराबी होने के कारण वह पुल पर ही बंद हो गई। इसके बाद तस्कर कार से उतरकर भागने लगे। जिस पर पुलिस ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया। उनके पास से 44 …
बरेली, अमृत विचार। पुलिस चेकिंग देख स्मैक तस्करों ने श्यामगंज पुल पर अपनी कार को फिल्मी अंदाज में मोड़ा। कार मुड़ भी गई लेकिन तकनीकी खराबी होने के कारण वह पुल पर ही बंद हो गई। इसके बाद तस्कर कार से उतरकर भागने लगे। जिस पर पुलिस ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया। उनके पास से 44 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। आरोपी उत्तराखंड़ के रहने वाले हैं।
सोमवार की दोपहर बारादरी पुलिस श्यामगंज पुल पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ईंट पजाया चौराहे की तरफ से एक सफेद कार आयी। अचानक पुलिस को देखकर कार चालक ने पुल पर ही यू टर्न ले लिया। कार मुड़ने के बाद अचानक बंद हो गई। इसके बाद भागने पर एक महिला और दो पुरुषों को पुलिस ने पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम मोहम्मद असलम पुत्र शेर अली, हैदर अली और शबाना बताया। ये तीनों लोग ऊधमसिंह नगर जनपद के जसपुर स्थित नई बस्ती के रहने वाले हैं। पुलिस को आरोपियों के पास से 44 ग्राम स्मैक मिली है। आरोपियों ने बताया कि वह जसपुर से स्मैक लेकर बरेली आए थे। एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गयी। इसके बाद पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश किया। जहां से जेल भेज दिया गया।
