बरेली: पांच से 10 फीसद तक नए सर्किल रेट शहर से 10 किलोमीटर तक होंगे लागू
बरेली, अमृत विचार। चार साल के बाद कोरोना काल में फिर नए सर्किल रेट लागू करने पूरी तैयारी है। पांच से 15 प्रतिशत तक नए रेट की बुकलेट भी तैयार कर ली गयी है। अधिकारियों की मेहनत को देखते हुए लग रहा है कि अगस्त के प्रथम सप्ताह में लागू हो जाएंगे। शहर से 10 …
बरेली, अमृत विचार। चार साल के बाद कोरोना काल में फिर नए सर्किल रेट लागू करने पूरी तैयारी है। पांच से 15 प्रतिशत तक नए रेट की बुकलेट भी तैयार कर ली गयी है। अधिकारियों की मेहनत को देखते हुए लग रहा है कि अगस्त के प्रथम सप्ताह में लागू हो जाएंगे। शहर से 10 किलोमीटर के दायरे तक नए सर्किल रेट लागू कराने का मसौदा तैयार किया है। वहीं, नए सर्किल रेट लागू करने की हलचल के बीच बिल्डरों में खलबली मच गयी है।

बिल्डरों ने महानगर के आसपास काफी जमीनें खरीदी हैं और उनका अभी तक बैनामा तक नहीं हुआ। रेट लागू हुए तो बिल्डरों को नुकसान उठाना पड़ेगा। हालांकि, इसका बोझ मकान, प्लॉट खरीदने वाले आम लोगों पर भी पड़ेगा। बैनामा कराने पर अधिक स्टांप शुल्क का भुगतान करना पड़ेगा। एडीएम वित्त एवं राजस्व मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि नए सर्किल रेट लागू कराने की तैयारियां अंतिम चरणों में चल रही हैं। लोगों से आपत्तियां मांगी गयी हैं।

आपत्तियों के निस्तारण के बीच सर्किल रेट फाइनल कराने के लिए अंतिम बैठक 30 जुलाई को बुलायी गयी है। उसमें रेट को मंजूरी देते हुए नए सर्किल रेट की फाइल अंतिम मंजूरी के लिए जिलाधिकारी के पास भेजी जाएगी। वहीं, एआईजी स्टांप बीसी सिंह का कहना है कि 10 किलोमीटर के दायरे के गाटा संख्याओं को भी नए सर्किल रेट में शामिल किया जाएगा। पांच से 15 प्रतिशत तक रेट बढ़ाने पर चर्चा की गयी।

आबादी तक गाटा संख्याओं को सर्किल रेट में शामिल करने पर सहमति
सोमवार को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के कार्यालय में बैठक हुई। अपर जिलाधिकारी वित्त मनोज कुमार पांडेय, एआईजी स्टांप बीसी सिंह, एसडीएम फरीदपुर कुमार धर्मेंद्र, सब रजिस्टार द्वितीय राकेश कुमार समेत सदर के नायब तहसीलदार और नए सब रजिस्टार समेत अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में सर्किल रेट पर मंथन किया गया। अधिकारियों ने घंटेभर तक चर्चा की। महानगर की सीमा में पक्की सड़कों तक आबादी से लगे गाटा संख्याओं को सर्किल रेट में शामिल करने पर सहमति जतायी। उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को दो दिन में आबादी के किनारे के गाटाओं का सर्वे कर रिपोर्ट अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कार्यालय को देने के निर्देश दिए गए।

21 से 26 तक दर्ज करा सकते हैं आपत्ति
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने बताया कि 21 जुलाई से 26 जुलाई तक प्रस्तावित सर्किल रेट पर आपत्तियां मांगी गयी हैं। रेट की बुकलेट मंगलवार को एडीएम वित्त एवं राजस्व कार्यालय, एआईजी स्टांप कार्यालय, तहसीलदार और एसडीएम कार्यालय में रखी जाएगी ताकि लोग अवलोकन कर लें।
![]()
एयरपोर्ट तक नए सर्किल रेट लागू करेंगे, ऐसे बढ़ाएंगे राजस्व
श्यामगंज से यदि 10 किलोमीटर दूर की परिधि मानें तो यहां से इन्वर्टिस चौराहे से थोड़ा पहले, एयरपोर्ट तक, झुमका तिराहे और चौबारी तक की जमीनों के गाटा संख्याओं को नए सर्किल रेट में शामिल करने की तैयारी की गयी है। जानकारों के अनुसार जो सर्किल रेट प्रस्तावित किए हैं यदि इस बार भी लागू नहीं हुए तो कोई नहीं, प्रशासन का मकसद पूरा हो जाएगा। बिना सर्किल रेट लागू किए नए गाटा संख्याओं में पुराने सर्किल रेट लागू कर दिए जाएंगे और जमीन की खरीद-फरोख्त पर पुराने सर्किल रेट के हिसाब से स्टांप शुल्क लगना शुरू हो जाएगा। ऐसा होने से सरकार का राजस्व बढ़ना शुरू हो जाएगा।

पिछले साल आयी थीं 27 आपत्तियां, नहीं लागू हुए थे नए रेट
मार्च, 2020 में कोरोना काल शुरू हुआ। दो माह से अधिक समय तक लाकडाउन रहने के बाद जुलाई 2020 में जिला प्रशासन ने नए सर्किल रेट तय किए और लागू करने की तैयारी शुरू की। बैठक के बाद बिल्डरों, व्यावसायियों और किसानों से आपत्ति मांगी गईं। क्रेडाई समेत 27 आपत्तियां आई थीं। सभी में नोटबंदी के बाद रियल स्टेट की कमर टूटना बताया था। कोविड की वजह से बाजार भी मंदा रहा है। सर्किट रेट न बढ़ने की मांग रखी। एआइजी स्टांप की ओर से नए सर्किल रेट की फाइल डीएम नितीश कुमार के पास भेजी गयी लेकिन शासन के निर्देश पर नए रेट लागू नहीं हो सके थे। इसलिए एक साल के बाद फिर रेट लागू करने की तैयारी है।

शहर में सर्किल रेट की प्रस्तावित नयी दरें
क्षेत्र का नाम वर्तमान दर प्रस्तावित दर
- बरेली जंक्शन से जेल चौराहा 46000 52000
- जेल रोड से चौकी चौराहा 46000 52000
- चौकी चौराहा से पटेल चौक 56000 63000
- पटेल चौक से नावल्टी चौराहा 62000 70000
- चौकी चौराहा से सर्किट हाउस चौराहा 46000 52000
- चौकी चौराहा से गांधी उद्यान 55000 62000
- सर्किट हाउस से हेड पोस्ट आफिस 45000 51000
- सर्किट हाउस से बीओबी तक 45000 51000
- बीओबी से डीआइजी दफ्तर 40000 45000
- डीआइजी दफ्तर से महालक्ष्मी टावर 48000 54000
- बरेली कालेज से श्यामगंज चौराहा 40000 45000
- श्यामगंज से बारादरी थाने तक 42000 48000
- बारादरी थाने से संजय नगर तिराहे तक 42000 48000
- सिकलापुर से साहू गोपीनाथ स्कूल तक 40000 45000
- मठ चौकी से बारादरी थाना चौराहा 42000 48000
- कुतुबखाना से बांसमंडी तक 42000 48000
- श्यामगंज चौराहा व बताशा वाली गली 42000 48000
- चौपुला से सिटी स्टेशन किला क्रासिग 33000 37000
- चौपुला से कुतुबखाना चौराहे तक 46000 52000
- गांधी उद्यान से श्यामगंज तक 45000 51000
- श्यामगंज से जाट रेजीमेंट चौराहे तक 40000 45000
- रामपुर बाग से बरेली कालेज तक 50000 56000
- कलेक्ट्रेट चौराहे से ऑफीसर्स हॉस्टल तक 45000 51000
- चौकी चौराहे से चौपुला चौराहे तक 45000 51000
(सर्किल रेट रुपये प्रति वर्ग मीटर में)
