बरेली: जागरूकता के मंच पर गालीगलौच, हंगामा से माहौल गरमाया
बरेली, अमृत विचार। सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत संभागीय परिवहन कार्यालय में आयोजित हुए कार्यक्रम में गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। जागरूकता कार्यक्रम के मंच पर जमकर गालीगलौच हुई। नगर विधायक और अधिकारियों की मौजूदगी में मंच पर दलाली करने के लिए चर्चित एक व्यक्ति के माइक पकड़ते ही विरोध शुरू हो गया। ट्रांसपोर्टर की …
बरेली, अमृत विचार। सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत संभागीय परिवहन कार्यालय में आयोजित हुए कार्यक्रम में गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। जागरूकता कार्यक्रम के मंच पर जमकर गालीगलौच हुई। नगर विधायक और अधिकारियों की मौजूदगी में मंच पर दलाली करने के लिए चर्चित एक व्यक्ति के माइक पकड़ते ही विरोध शुरू हो गया।
ट्रांसपोर्टर की आपत्ति के बाद व्यक्ति ने गालियां दे दीं। इससे टकराव और बढ़ गया। दोनों के बीच मंच पर तू-तू, मैं-मैं बढ़ने पर माहौल गरमा गया। इस पर नगर विधायक डा. अरुण कुमार ने नाराजगी जतायी। किसी तरह माहौल शांत कराया। इसके बाद सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत आमजन को जागरूक करने के लिए रथ रवाना किया गया। इस बीच फिर विवाद गरमा गया। भिड़ने की नौबत आ गयी।

व्यक्ति ने अपने साथियों को बुला लिया। इससे वहां पर भीड़ एकत्र हो गयी। इसके बाद एआरटीओ प्रशासन मनोज सिंह से उलझ गए। एआरटीओ प्रशासन की चेतावनी पर लोग शांत हुए। बताते हैं कि व्यक्ति एक राजनीतिक पार्टी से जुड़ा हुआ है और लंबे समय से आरटीओ के पास सक्रिय रहता है। मंच पर हुई गालीगलौच को लेकर दिनभर आरटीओ में चर्चा चलती रही।
नगर विधायक ने दिखाई सड़क सुरक्षा रथ को हरी झंडी
सम्भागीय परिवहन कार्यालय में नगर विधायक डा. अरूण कुमार की अध्यक्षता में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया था। जिसमें पुलिस अधीक्षक यातायात राममोहन सिंह भी मौजूद रहे। नगर विधायक ने सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूक करते हुए सीट बैल्ट और हेल्मेट लगाकर वाहन चलाने के लिए लोगों से आह्वान किया। उप परिवहन आयुक्त एमएल चौरसिया ने सड़क सुरक्षा नियमों के बारे में बताया।

जिसमें रेड लाइट जंपिंग, नशे की हालत में वाहन चलाने पर ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन की जानकारी दी। संभागीय परिवहन अधिकारी(प्रशासन) बरेली कमल प्रसाद गुप्ता और संभागीय परिवहन अधिकारी(प्रवर्तन) दिनेश सिंह ने भी सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया। उपस्थित लोगों को नियमों का पालन कराने की शपथ ग्रहण कराई। नगर विधायक ने हरी झण्डी दिखाकर सड़क सुरक्षा रथ को रवाना किया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी(प्रवर्तन) प्रथम जेपी गुप्ता एवं संदीप कुमार जायसवाल सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी(प्रवर्तन), सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) मनोज सिंह, यात्रीकर अधिकारी मुन्ना लाल, जिला विद्यालय निरीक्षक डा. अमरकान्त, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. सीपी सिंह, सहायक क्षेत्रीय प्रबन्धक उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम एवं ट्रक एवं बस यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
