बिजनौर : पुलिस हिरासत में युवक की मौत, थाने में शव रखकर किया प्रदर्शन
बिजनौर/अफजलगढ़, अमृत विचार। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की झिरना रेंज से राइफल चोरी के मामले में हिरासत में लिए गए एक युवक की शुक्रवार को मौत हो गई। युवक के परिजन आक्रोशित होकर ग्रामीणों के साथ कालागढ़ थाने के बाहर प्रदर्शन किया। कार्बेट टाइगर रिजर्व की झरना रेंज के अंतर्गत कठियापुल चौकी से एक राइफल चोरी …
बिजनौर/अफजलगढ़, अमृत विचार। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की झिरना रेंज से राइफल चोरी के मामले में हिरासत में लिए गए एक युवक की शुक्रवार को मौत हो गई। युवक के परिजन आक्रोशित होकर ग्रामीणों के साथ कालागढ़ थाने के बाहर प्रदर्शन किया। कार्बेट टाइगर रिजर्व की झरना रेंज के अंतर्गत कठियापुल चौकी से एक राइफल चोरी हो गई।
इस मामले में रेंज अधिकारी की ओर से कालागढ़ थाने में बीती 18 जुलाई को अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बीती रात पुलिस ने रेहड़ थाना क्षेत्र के ग्राम फतेहपुर धारा निवासी सोनू सैनी (26) पुत्र धीराज सिंह को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था।
पूछताछ के दौरान सोनू का स्वास्थ्य बिगड़ गया, जिसके बाद पुलिस उसे अफजलगढ़ स्थित स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए ले गई। स्वजनों की माने तो चिकित्सक ने सोनू की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बिजनौर के लिए रेफर कर दिया। आरोप है कि पुलिस ने उसे बिजनौर ले जाने के बजाय अफजलगढ़ में ही रखा और स्वजनों को सूचित किया।
सूचना मिलने के बाद कुछ ग्रामीणों के साथ स्वजन अफजलगढ़ पहुंचे और स्वयं ही सोनू को लेकर बिजनौर चले गए। बिजनौर में उपचार के दौरान मध्य रात्रि सोनू की मौत हो गई। सोनू की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने सुबह ही कालागढ़ थाने पहुंच गये। थाने में सोनू का शव रखकर ग्रामीण प्रदर्शन शुरू कर दिये। आरोप है कि पुलिस ने पूछताछ के नाम पर सोनू की बुरी तरह से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने के बाद कोटद्वार से पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मृतक की पत्नी को विभाग में नौकरी देने और 50 हजार रुपए नकद सहित साढ़े पांच लाख रुपये और मुआवजा देने का वादा किया। काशीपुर एएसपी प्रमोद कुमार, सीओ कोटद्वार अनिल जोशी, एसपी हरिद्वार विजय सिंह, एसपी पौड़ी रेनूका, एसडीएम कोटद्वार योगेश मेहरा, तहसील सहित अन्य अधिकारी और पीएसी के जवान मौजूद रहे।
