मुरादाबाद : बिजली कनेक्शन लेकर 8.77 करोड़ रुपये दबाए बैठे 12634 उपभोक्ता
मुरादाबाद, अमृत विचार। बिल वसूली में पीछे चल रहे बिजली विभाग को देहात क्षेत्र के उपभोक्ता सबसे अधिक चूना लगा रहे हैं। ग्रामीण उपभोक्ताओं की इस मनमानी में विभागीय कर्मचारियों की मिलीभगत भी सामने आ रही है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार 12,634 उपभोक्ता ऐसे हैं, जिन्होंने कनेक्शन तो ले लिए। लेकिन, उसके बाद एक बार …
मुरादाबाद, अमृत विचार। बिल वसूली में पीछे चल रहे बिजली विभाग को देहात क्षेत्र के उपभोक्ता सबसे अधिक चूना लगा रहे हैं। ग्रामीण उपभोक्ताओं की इस मनमानी में विभागीय कर्मचारियों की मिलीभगत भी सामने आ रही है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार 12,634 उपभोक्ता ऐसे हैं, जिन्होंने कनेक्शन तो ले लिए। लेकिन, उसके बाद एक बार भी बिल जमा नहीं किया है। इन पर विभाग का करीब 8.77 करोड़ रुपया बकाया है। विभाग ने अब उनसे वसूली करने की तैयारी शुरू कर दी है।
भ्रष्टाचार के लिए बदनाम हो चुका बिजली विभाग भी उपभोक्ताओं की मनमानी का शिकार हो रहा है। तमाम प्रयासों के बाद भी शत-प्रतिशत वसूली नहीं हो पा रही है। निम्न वर्ग से लेकर बड़े-बड़े उद्यमियों के अलावा सरकारी विभाग भी लंबे समय से विभाग के कर्जदार चल रहे हैं। महानगर की बात छोड़ें तो ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ता भी बिल जमा करने में दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं।
मुरादाबाद देहात में तीन डिवीजन हैं। बिजली चोरी के मामले में डिवीजन टू के दलपतपुर और भीतखेड़ा फीडर लाइन लॉस के मामले में सबसे ऊपर हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार दलपतपुर नॉर्थ फीडर के गांव सिरसखेड़ा, मदनापुर, नरखेड़ा और बिलपुरदान और भीतखेड़ा फीडर के ग्राम रौंडा-झौंडा, लालपुर और तिगरी संग में सबसे अधिक बिजली चोरी हो रही है।
इन दोनों फीडरों में करीब 4987 ऐसे कनेक्शन हैं, जिन पर विभाग का 3.85 करोड़ रुपया बकाया चल रहा है, जबकि दलपतपुर नॉर्थ में पांच हजार के बकाया वाले करीब 1561 कनेक्शन हैं, जिन पर विभाग का 1.97 करोड़ रुपये लंबे समय से बकाया है। इसमें से 1048 ऐसे उपभोक्ता हैं, जिन्होंने कनेक्शन लेने के बाद से एक बार भी बिल जमा नहीं किया है। वहीं भीतखेड़ा फीडर में 3839 कनेक्शन पर 1.86 करोड़ रुपये बकाया है। वहीं पांच हजार से कम बिल वाले 1199 कनेक्शन हैं, जिन पर 1.09 करोड़ रुपया बकाया है।
मुख्य अभियंता संजय आनंद जैन ने बताया कि वसूली के लिए अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही जिनके कनेक्शन काटे गए थे, अगर चेकिंग में बिना बिल जमा किए वह कनेक्शन चालू मिले तो उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
