असम मुख्यमंत्री हिमंत सरमा पर भूपेन बोरा ने लगाया आरोप, विपक्षी विधायकों की खींचतान से जोड़े तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गुवाहाटी। कांग्रेस की असम इकाई के नए अध्यक्ष भूपेन बोरा ने रविवार को मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा पर विपक्षी विधायकों को भाजपा में शामिल होने के लिए ‘प्रोत्साहित’ करने का आरोप लगाया और उनकी आलोचना की। बोरा ने दावा किया कि इस तरह का प्रयास संविधान को कमजोर करता है। कांग्रेस की टिकट पर चार …

गुवाहाटी। कांग्रेस की असम इकाई के नए अध्यक्ष भूपेन बोरा ने रविवार को मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा पर विपक्षी विधायकों को भाजपा में शामिल होने के लिए ‘प्रोत्साहित’ करने का आरोप लगाया और उनकी आलोचना की। बोरा ने दावा किया कि इस तरह का प्रयास संविधान को कमजोर करता है।

कांग्रेस की टिकट पर चार बार जीत दर्ज करने वाले विधायक रूपज्योति कुर्मी ने पिछले महीने भाजपा में शामिल होने की अपनी योजना की घोषणा की थी, जिसके एक दिन बाद सरमा ने विपक्षी दल के सभी विधायकों को सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल होने की अपील की थी।

बोरा ने संवाददाताओं से कहा, ” हमेशा से लोगों का एक वर्ग ऐसा रहा जोकि दल बदलते हैं। हालांकि, आश्चर्य की बात यह है कि एक मुख्यमंत्री इसके लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। उन्होंने अपने फायदे के लिए विपक्षी विधायकों को भाजपा में शामिल होने को कहा, जो एक अपमानजनक टिप्पणी है। उनका कहना है कि विधायकों के पास कोई काम नहीं है। ऐसे बयान केवल कांग्रेस के खिलाफ नहीं हैं बल्कि हमारे देश के संविधान को कमजोर करते हैं।”

असम प्रदेश कांग्रेस समिति के नए अध्यक्ष ने विदा हो रहे प्रदेश अध्यक्ष रिपुन बोरा से उनके आवास पर मुलाकात की और राज्य में उप चुनाव समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा की। कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि रिपुन बोरा अगले सप्ताहांत में औपचारिक तौर पर पदभार भूपेन बोरा को सौंप सकते हैं।

संबंधित समाचार