बरेली: मेहता सर्जिकल का लाइसेंस निरस्त, …अब अजय मेहता ने बेटी के नाम से किया आवेदन
बरेली, अमृत विचार। बीते दिनों सर्जिकल आइटम कालाबाजारी में फंसे अजय मेहता के प्रतिष्ठान मेहता सर्जिकल का लाइसेंस ड्रग विभाग ने निरस्त कर दिया था। ड्रग विभाग के सामने दी गई मोहलत में सर्जिकल आइटम की खरीद-फरोख्त के दस्तावेज पेश नहीं करने पर यह कार्रवाई की गई थी। वहीं चर्चा है कि अजय मेहता ने …
बरेली, अमृत विचार। बीते दिनों सर्जिकल आइटम कालाबाजारी में फंसे अजय मेहता के प्रतिष्ठान मेहता सर्जिकल का लाइसेंस ड्रग विभाग ने निरस्त कर दिया था। ड्रग विभाग के सामने दी गई मोहलत में सर्जिकल आइटम की खरीद-फरोख्त के दस्तावेज पेश नहीं करने पर यह कार्रवाई की गई थी। वहीं चर्चा है कि अजय मेहता ने अपनी बेटी के नाम से लाइसेंस के लिए आवेदन किया है। एसएस सर्जिकल एंड इक्युपमेंट के नाम से नया लाइसेंस मिल जाने की बात भी चर्चा में है।
बता दें कि अजय मेहता और उनके साझेदारों के नाम ब्लैकलिस्ट होने के बाद इन नामों पर लाइसेंस नहीं मिल सकता था लिहाजा बेटी के नाम पर दोबारा सर्जिकल आइटम का ही व्यवसाय करने के लिए नए सिरे से लाइसेंस लिया गया है। अजय मेहता, उनकी पत्नी सोनिका मेहता, बेटे सुशांत मेहता, उनके भाई सुनील मेहता समेत दूसरे रिश्तेदारों के नाम पर लाइसेंस लिया गया था।
प्रशासन और एफएसडीए की टीम ने 12 मई को डीडीपुरम में मेहता सर्जिकल्स पर छापा मारकर उत्पादों की बिक्री में अनियमितता पकड़ी थी। एसडीएम सदर विशु राजा और तत्कालीन ड्रग इंस्पेक्टर उर्मिला वर्मा की जांच में बिना लाइसेंस पैकेजिंग होते पीपीई पकड़ी गईं थी। एक्सपायर हो चुकी पीपीई किट को भी नए सिरे से पैक किया जा रहा था। सैनिटाइजर की बोतल पर लेबल नहीं थे।
री-लेबलिंग मानते हुए उनकी दुकान और गोदाम को बंद कराया गया था। पूरे मामले में अजय मेहता और उनकी पत्नी को कोर्ट से अंतरिम जमानत मिल गई। वहीं, सुनील मेहता ने एसएसपी से मुलाकात कर अपना कारोबार अजय मेहता से अलग बताकर मेहता सर्जिकल्स से कोई संबंध न होने की बात कही थी। इधर, सहायक आयुक्त औषधि संजय कुमार से बात करने के लिए फोन किया मगर उनसे संपर्क नहीं हुआ।
