मुरादाबाद : ग्रामीणों ने युवक को पेड़ से उल्टा लटका कर पीटा, जानिए क्या है पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद/भोजपुर/अमृत विचार। भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव में ग्रामीणों ने युवक को पेड़ से उल्टा लटका कर पीट-पीट कर अधमरा कर दिया। बाद में उसे मरणसन्न हालत में खेत में फेक आरोपी वहां से चंपत हो गए। इधर किसी ने घटना का वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामला प्रेम प्रसंग का …

मुरादाबाद/भोजपुर/अमृत विचार। भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव में ग्रामीणों ने युवक को पेड़ से उल्टा लटका कर पीट-पीट कर अधमरा कर दिया। बाद में उसे मरणसन्न हालत में खेत में फेक आरोपी वहां से चंपत हो गए। इधर किसी ने घटना का वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है। पीड़ित का मौसेरा भाई गांव की किशोरी को लेकर चंपत हो गया था।

शिकायत पर पुलिस ने कोई संज्ञान नहीं लिया, जिसका परिणाम यह निकला कि किशोरी पक्ष के लोगों ने कानून हाथ में लेकर इस घटना को अंजाम दे डाला। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। उधर दो नामजद व 12 अज्ञात के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने दो को गिरफ्तार कर लिया है। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना थानाक्षेत्र के गांव रुपपुर बहादुर पुर गांव की है। यहां रहने वाला पंकज सैनी पुत्र मदन सिंह सैनी 15 जुलाई को गांव की ही अपनी सहपाठी दसवीं की छात्रा को भगाकर ले गया था। छात्रा के परिजनों ने भोजपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। पुलिस आरोपी के घर पर लगातार दबिश दे रही थी। इसलिए पंकज के परिवार वाले घर से फरार हो गए थे। घर पर आरोपी की बूढ़ी मां ही रह रही थी। उसके घर में बंधे आधा दर्जन पशु भूख प्यास से तड़प रहे थे। पशुओं की देखभाल के लिए सोमवार को आरोपी का मौसेरा भाई थाना टांडा के गांव मौहब्बत गंज निवासी रवि सैनी पुत्र गुलाब सिंह उसके घर आया था।

शाम के समय वह खेत से चारा लेने जा रहा था। कोनी त्रिलोकपुर चौराहे पर पहले से ही घात लगाए बैठे किशोरी के भाई बंटी सैनी ने अपने साथियों सोनू, बृजेश, संजीव व एक दर्जन युवकों की मदद से उसे बंधक बना लिया। इसके बाद उसे पेड़ से उल्टा टांग कर लात-घूंसों और डंडों से जम कर पीटा। उसके बाद उसे मरणासन्न स्थिति में खेत में फेक कर आरोपी वहां से चले गए। इस दौरान मौके पर तमाम भीड़ लगी रही। लेकिन, आरोपियों के भय के कारण कोई भी युवक की मदद के लिए आगे नहीं आया।

युवक के साथ की गई हैवानियत का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया तो पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। इसके बाद पीड़ित युवक के मौसा मदन सिंह की तहरीर पर किशोरी के भाई बंटी सैनी, उसके साथियों सोनू, ब्रजेश और संजीव के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली गई। इसके अलावा आधा दर्जन अज्ञात युवकों के नाम भी उसमें शामिल किए गए हैं। थानाध्यक्ष राशिद अली के अनुसार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

गांव में दहशत का माहौल
किशोरी को भगा कर ले जाने वाले आरोपी के घर पर पहले ही ताले लटके हुए थे। उसके परिवार वाले दबंगों के डर से फरार हो गए हैं। घर पर दो बूढ़ी महिलाएं ही रह रही हैं। डर के कारण कोई भी उनकी सहायता के लिए आगे नहीं आ रहा है। उधर युवक को पीटने की घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। रिपोर्ट दर्ज हो जाने के बाद अब किशोरी के परिजन भी घरों में ताले डाल कर फरार हो गए हैं। पुलिस गांव में लगातार दबिश दे रही है। कई अज्ञात लोगों के नाम भी एफआईआर में होने के कारण गांव के लोग दहशत में हैं। अधिकांश पुरुष घरों से गायब हो गए हैं। केवल औरतें व बच्चे ही गांव में रह रहे हैं। घटना के बारे में तो कोई जिक्र तक करने के लिए तैयार नहीं है।

रवि को भारी पड़ गया मवेशियों पर तरस खाना
पेड़ से उल्टा लटका कर पीटे गए रवि का कहना है उसका अपहरण की घटना से कोई लेना-देना नहीं है। उसके मौसा के घर आधा दर्जन से अधिक पशु हैं। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस उनके घर दबिश दे रही थी। उधर लड़की पक्ष के लोग भी आकर उल्टा-सीधा बोलते थे। इसकी वजह से उसके मौसा व उनके परिजन गायब हो गए थे। पशुओं को चारा व पानी देने वाला घर में कोई नहीं था। उनके घर में भूखे-प्यासे बंधे पशुओं पर तरस खा कर वह उन्हें चारा-पानी देने आया था। मगर उसे क्या पता था कि यह दया का भाव उसे इतना महंगा पड़ जाएगा कि उसकी जान पर बन आएगी।

क्षेत्राधिकारी डॉ. अनूप सिंह ने बताया कि युवक की पिटाई के मामले में नामजद किए गए ब्रजेश और कुंवरपाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। शिनाख्त के बाद उन्हें भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने बताया कि भोजपुर थानाक्षेत्र के गांव रूपपुर में युवक को पेड़ से उल्टा लटकाकर पीटने की वीडियो वायरल हुई थी। इस संबंध में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की तलाश की जा रही है।

 

संबंधित समाचार