कुशीनगर: चाकुओं से गोदकर युवक की हत्या, तीन सगे भाइयों के विरूद्ध केस दर्ज
कुशीनगर। यूपी के कुशीनगर जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र के गांव पैकौली बाबन निवासी किशोर यादव की हत्या के मामले मे पुलिस ने बुधवार को मृतक के पिता मोतीलाल की तहरीर पर गांव के ही नागेन्द्र, महेन्द्र व विरेन्द्र पुत्र अकलू के विरूद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। पैकौली बावन निवासी किशोर यादव 40 …
कुशीनगर। यूपी के कुशीनगर जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र के गांव पैकौली बाबन निवासी किशोर यादव की हत्या के मामले मे पुलिस ने बुधवार को मृतक के पिता मोतीलाल की तहरीर पर गांव के ही नागेन्द्र, महेन्द्र व विरेन्द्र पुत्र अकलू के विरूद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। पैकौली बावन निवासी किशोर यादव 40 वर्ष की हत्या मंगलवार की रात अज्ञात लोगो ने कर दी थी। किशोर यादव की हत्या उस वक्त की गई जब वह गांव से बाहर झांगा खैरटवा मार्ग पर अपने कटरैन के दरवाजे पर सो रहे थे। इस घटना से गांव के लोगों में दहशत फैल गई है।
मामूली जमीनी विवाद में युवक की हत्या की कहानी लोगों के गले के नीचे नहीं उतर रही है। हत्या का कारण जो भी हो परंतु इस हत्या से मृतक की पत्नी गुड्डी देवी व नाबालिग बेटे अमित 15 वर्ष व शनि 13 वर्ष को बेसहारा कर दिया है। वहीं मृतक के पिता मोतीलाल की बुढ़ापे की लाठी टूट गयी। पैकौली निवासी किशोर यादव खेती किसानी कर अपने परिवार का जीविकोपार्जन करते थे। गांव मे पुस्तैनी घर सकरे स्थान पर होने के कारण गांव के बाहर सड़क के किनारे एक कटरैन डाल रखे थे। गांव के पुस्तैनी घर पर उनके पिता मोतीलाल, पत्नी गुड्डी देवी तथा बेटे अमित और शनि रहते थे।
मंगलवार की रात किशोर यादव की चाकुओ से गोदकर हत्या कर दी गई। जिसके बाद मृतक के पिता की तहरीर पर तीन लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस जांच मे जुट गयी है। परंतु आरोपियों से किशोर के परिवार से जमीनी विवाद का कोई मुकदमा नहीं चल रहा है। दोनों पक्ष के बीच दो साल पूर्व मामूली जमीनी विवाद की बात ही चर्चा में है। अब देखना है कि पुलिस इस घटना का पर्दाफाश करने मे सफल हो पाती है या दर्ज मुकदमे के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी तक ही मामला सिमट कर रह जाती है। प्रभारीनिरीक्षक जयप्रकाश पाठक ने कहा कि मृतक के पिता की तहरीर पर गाव के ही तीन सगे भाइयों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। शीघ्र ही आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
