बदायूं: ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से फार्मासिस्ट की मौत
बदायूं, अमृत विचार। बुधवार को थाना सिविल लाइन क्षेत्र में आगरा राजमार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से राजकीय मेडिकल कॉलेज में तैनात एक फार्मासिस्ट गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। फार्मासिस्ट की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। थाना जरीफनगर …
बदायूं, अमृत विचार। बुधवार को थाना सिविल लाइन क्षेत्र में आगरा राजमार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से राजकीय मेडिकल कॉलेज में तैनात एक फार्मासिस्ट गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। फार्मासिस्ट की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
थाना जरीफनगर के कस्बा नाधा निवासी गौरव गुप्ता (27) पुत्र रमेंद्र चंद्र गुप्ता राजकीय मेडिकल कॉलेज में फार्मासिस्ट के पद पर तैनात थे। बुधवार सुबह लगभग 10 बजे उनके गांव के एक परिचित मेडिकल कॉलेज में दवा लेने के लिए आए थे। गौरव ने उन्हें चिकित्सकों को दिखाया और मेडिकल कॉलेज के गेट पर स्थित मेडिकल स्टोर से दवा लेने के लिए चले गए। दवा लेकर वापस कॉलेज आ रहा था तभी राजमार्ग किनारे एक व्यक्ति रेत भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को तेजी से बैक कर रहा था।
बैक करते समय ट्राली के पिछले हिस्से में लगी एक रॉड गौरव गुप्ता के पेट में धंस गई और खून बहने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने गौरव को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। कुछ समय बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के दौरान गौरव गुप्ता के साथी फार्मासिस्ट व परिजन मौजूद रहे।
