सीतापुर: डबल मर्डर कांड में पुलिस का खुलासा, इस वजह से गई थी दंपति की हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीतापुर। सीतापुर जिले के तालगांव इलाके में पांच दिन पूर्व हुई डबल मर्डर की वारदात का शुक्रवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। मरने वाले महिला पुरुष पति-पत्नी थे। महिला का पैसा हथियाने के लिए तालगांव इलाके के लोगों ने दंपत्ति की धारदार से काटकर हत्या की थी मृतक दंपति देवरिया जिले के रहने वाले …

सीतापुर। सीतापुर जिले के तालगांव इलाके में पांच दिन पूर्व हुई डबल मर्डर की वारदात का शुक्रवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। मरने वाले महिला पुरुष पति-पत्नी थे। महिला का पैसा हथियाने के लिए तालगांव इलाके के लोगों ने दंपत्ति की धारदार से काटकर हत्या की थी मृतक दंपति देवरिया जिले के रहने वाले थे। दोनों लखनऊ में रहकर काम करते थे। वहीं पर हत्या आरोपियों से दंपत्ति का परिचय हुआ था। पुलिस ने चार हत्या आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी, मोबाइल, आधार कार्ड, कपड़े, आला कत्ल, घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल आदि बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि अभियुक्तों को जेल रवाना कर दिया गया है।

एसपी आरपी सिंह ने बताया कि 25 जुलाई को तालगांव कोतवाली क्षेत्र के मदनापुर गढ़ी गांव के पास दो अज्ञात शव (एक महिला व एक पुरुष) मिले थे। पुलिस ने शवों को शिनाख्त करने के प्रयास के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। साथ ही संभावित स्थानों पर पम्फलेट चस्पा, वितरित कर शवो के शिनाख्त के प्रयास किये जा रहे थे। इस क्रम में प्राप्त साक्ष्यों, सूचनाओं के आधार पर लगी टीमों ने तालगांव कोतवाली क्षेत्र के अंबावा गांव निवासी अभियुक्त शकील अहमद, उसके भाई अकील अहमद, पिता इसराइल व लखनऊ के ठाकुरगंज निवासी उसके ससुर रमजान अली को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तगण से पूछताछ की गयी तो जानकारी हुई कि मदनापुरगढ़ी में मिले दोनों शव देवरियाा जिले इकौना थाना क्षेत्र के करहकू गांव निवासी सतीश पुत्र शिवमूरत व मंजू देवी पत्नी सतीश के हैं।

दोनों पति-पत्नी हैं। अभियुक्त शकील ने बताया कि वह लखनऊ चिनहट के पास किराये पर रहकर मजदूरी करता है। इन दोनों पति-पत्नी से करीब तीन माह पहले उसकी जान-पहचान हुई थी और उनके घर भी आना-जाना था। इस दौरान उसने मृतका मंजू ने कहा कि मेरे पास कुछ पैसे इकट्ठे हो गये है। इन्हें जमा करा दो। शीघ्र जमा कराने का आश्वासन देकर लालच में आकर शकील ने उन्हें लेने की योजना बनायी। इसी क्रम में 24 जुलाई की शाम को अभियुक्त शकील दोनों पति-पत्नी मंजू व सतीश को विश्वास में लेकर मोटरसाइकिल पर लखनऊ से बैठाकर अपने गांव अम्बावा के पास मदनापुर गढ़ी तक ले आया।

जहां पूर्व योजना के अनुसार आये हुए बाकी तीन लोगों के साथ मिलकर बांके से दंपती की हत्या कर दी। दोनों व्यक्ति अन्य जनपद के थे, अतः उनकी पहचान न हो सके इसलिये उनके पहचान पत्र, मोबाइल भी अभियुक्तगण अपने साथ ले गये। महिला के पास से मिले 72 हजार रुपये चारों अभियुक्तो ने शकील की पत्नी सहित आपस में बांट लिये। यद्यपि शकील की पत्नी रुख्सार मौके पर वारदात में शामिल नहीं थी, लेकिन वह योजना को पहले से जानती थी। मृतका का आधार कार्ड/पैनकार्ड, पति शकील के खूनालूद कपड़े उसके पास रखे थे। इसी कारण पैसे में उसका भी हिस्सा लगाया गया। पुलिस ने फिलवक्त इस मामले में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल रवाना कर दिया है। घटना के खुलासे के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है।

खुलासा करने वाली पुलिस टीम को मिलेंगे 50 हजार रुपये ईनाम

पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह ने बताया कि डबल मर्डर के मामले को उन्होंने चुनौती के रूप में स्वीकार किया था। पुलिस की 11 टीमें खुलासे के लिए लगाई गई थी। पुलिस टीमों ने कड़ी मेहनत से घटना का खुलासा किया है। एसपी ने बताया कि इस खुलासे को लेकर पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ परिक्षेत्र लक्ष्मी सिंह ने पुलिस टीम को बधाई देते हुए काम की तारीफ की है। साथ ही उन्होंने खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 50 हजार नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

अभियुक्तों के पास से यह हुई बरामदगी
तालगांव इलाके में दंपत्ति हत्याकांड की वारदात अंजाम देने वाले अभियुक्तों के पास से पुलिस ने नकदी सहित काफी सामान बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से 54,630 रुपये नगद, दो अदद आधार कार्ड, एक पासबुक, एक अदद सैमसंग मोबाइल, एक अदद नोकिया मोबाइल, एक अदद पैन कार्ड, दो मोटर साइकिल, एक जीन्स, टीशर्ट, गमछा, दो अदद मोबाइल( AMEE व सैमसंग), 3 अदद आलाकत्ल बांका, दो अदद अवैध तमंचा, 04 अदद कारतूस आदि बरामद हुआ है।

वारदात का खुलासा करने वाली पुलिस टीम

तालगांव क्षेत्र में डबल मर्डर का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में तालगांव पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच की टीम भी शामिल थी। टीम में तालगांव प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह, दारोगा कृष्ण चंद्र तिवारी, क्राइम ब्रांच में तैनात दरोगा मनीष सिंह, अजय कुमार रावत, ताल गांव में तैनात हेड कांस्टेबल रामप्रताप, राजाराम, आरक्षी, नन्दकिशोर शर्मा, गौरव, आरती शर्मा, अनुज, क्राइम ब्रांच की टीम के आरक्षी उमेश, आनंद, सुमित आदि शामिल थे।

संबंधित समाचार