बरेली: हादसों की जिम्मेदारी से बचने को पीडब्ल्यूडी-निगम में खींचतान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सिटी स्टेशन रोड पर जलभराव की समस्या को लेकर नगर निगम और पीडब्ल्यूडी (लोक निर्माण विभाग) के अधिकारी आमने-सामने आ गए हैं। बारिश में इस सड़क पर चौपुला से किला पुल तक जबरदस्त जलभराव हो जाता है। पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों का कहना है कि नगर निगम ने एनओसी लिए बगैर सड़क से …

बरेली, अमृत विचार। सिटी स्टेशन रोड पर जलभराव की समस्या को लेकर नगर निगम और पीडब्ल्यूडी (लोक निर्माण विभाग) के अधिकारी आमने-सामने आ गए हैं। बारिश में इस सड़क पर चौपुला से किला पुल तक जबरदस्त जलभराव हो जाता है। पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों का कहना है कि नगर निगम ने एनओसी लिए बगैर सड़क से काफी ऊंचे नाले का निर्माण करा दिया है। इससे पूरा पानी सड़क पर भरने से पूरी सड़क बर्बाद हो गयी है। इसे लेकर पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता की ओर से नगर निगम को नोटिस जारी करने की तैयारी की जा रही है। जबकि नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि जगह-जगह पर मेन होल बनाकर अगर उसे नाले से जोड़ दिया जाए तो यह समस्या हल हो जाएगी लेकिन पीडब्ल्यूडी ऐसा करना नहीं चाहता है।

लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ने वाली शहर की इस महत्वपूर्ण सड़क पर बरसात के दिनों में जलभराव से बड़ी दिक्कत पैदा हो जाती है। सिटी स्टेशन के पास से आगे जसौली पुलिया से होते हुए किला पुल तक कई फुट तक पानी भर जाता है। ऐसे में घंटों ट्रैफिक जाम रहता है। इस समस्या को लेकर बचाव में नगर निगम और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड भवन के अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार ने इस समस्या के लिए नगर निगम पर ठीकरा फोड़ा है। उनका कहना है कि नगर निगम के इंजीनियरों ने पीडब्ल्यूडी से एनओसी यानि अनापत्ति लिए बगैर ही सड़क से काफी ऊंचा नाले का निर्माण करा दिया है।

इससे बारिश का पानी नाले में जाने के बजाय सड़क पर ही भर जाता है। इससे पीडब्ल्यूडी का रोड खराब होने से कई करोड़ का नुकसान भी हुआ है। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि पीडब्ल्यूडी बेवजह नगर निगम को निशाने पर ले रहा है। मेयर डॉ. उमेश गौतम का कहना है कि यह रोड पीडब्ल्यूडी की है। अभी कुछ दिन पहले बैठक में पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों को सुझाव दिया गया था कि सिटी स्टेशन रोड पर जगह-जगह मेन होल बनाकर उसे नाले से जोड़ दिया जाए तो वहां जलभराव नहीं होगा।

इंजीनियरों ने कई जगहों पर तोड़ दिया नाला
स्टेशन रोड पर नाला ऊंचा होने से सड़क पर पानी भर रहा है। पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों ने शनिवार को मौके पर पहुंचकर कई जगहों पर नाला तोड़कर कट बना दिया है, ताकि सड़क पर एकत्र होने वाला पानी नाले में पहुंच जाए। जबकि नगर निगम के अभियंता का मानना है कि नाले के इस तरह से कट बनाना ठीक नहीं है। इससे नाले का पानी भी सड़क पर भरना शुरू हो जाएगा। अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह का कहना है कि इस संबंध में निर्माण विभाग के इंजीनियरों से पूछा जाएगा।

एक्सईएन ने मौके पर शुरू कराया रोड मरम्मत का काम
स्टेशन रोड पर जलभराव से भयंकर गड्ढे हो गए हैं। इस वजह से वहां आए दिन हादसे हो रहे हैं। पिछले कई सालों के दौरान वहां कई लोगों की मौत भी हो चुकी है। मंगलवार को पीडब्ल्यूडी के निर्माण खंड भवन के एक्सईएन गोविंद कुमार ने मौके पर पहुंचकर बजरी और सीमेंट से रोड के गड्ढों को भरने का काम शुरू करा दिया है। उनका कहना है कि बरसात में डामरीकरण का काम नहीं हो सकता।

गोविंद कुमार, अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड भवन, पीडब्ल्यूडी ने बताया कि सिटी स्टेशन रोड पर नगर निगम ने नाला ऊंचा बना दिया है। जबकि पीडब्ल्यूडी के पास इसकी कोई जानकारी भी नहीं है। सड़क पर होल बनाकर नाले में पानी निकासी कर पाना संभव नहीं है। इसके लिए नगर निगम को नोटिस दिया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें…

बरेली: असंगठित क्षेत्र के कामगारों से सीधा संवाद करेगी कांग्रेस

 

संबंधित समाचार