टोक्यो ओलंपिक: भारतीय पहलवान सोनम मलिक पहले ही राउंड में हारकर हुई बाहर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

टोक्यो।  युवा भारतीय पहलवान सोनम मलिक को मंगलवार को यहां महिला 62 किग्रा वर्ग के पहले दौर के मुकाबले में ही मंगोलिया की बोलोरतुया खुरेलखू के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। ओलंपिक में पदार्पण कर रही सोनम को अब इंतजार करना होगा कि उन्हें रेपेचेज दौर में हिस्सा लेने का मौका मिलता है या …

टोक्यो।  युवा भारतीय पहलवान सोनम मलिक को मंगलवार को यहां महिला 62 किग्रा वर्ग के पहले दौर के मुकाबले में ही मंगोलिया की बोलोरतुया खुरेलखू के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। ओलंपिक में पदार्पण कर रही सोनम को अब इंतजार करना होगा कि उन्हें रेपेचेज दौर में हिस्सा लेने का मौका मिलता है या नहीं।

उन्नीस साल की भारतीय पहलवान सोनम मलिक दो ‘पुश-आउट’ अंक जुटाकर 2-0 से आगे चल रही थी लेकिन एशियाई चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता खुरेलखू ने भारतीय पहलवान को गिराकर दो अंक हासिल करते हुए बराबरी हासिल कर ली जबकि मुकाबले में सिर्फ 35 सेकेंड का खेल बचा था। इसके बाद अंत तक स्कोर 2-2 रहा लेकिन मंगोलिया की पहलवान को अंतिम अंक जुटाने के कारण विजेता घोषित किया गया।

मुकाबले में अधिकांश समय दोनों खिलाड़ियों ने अंक जुटाने के अधिक प्रयास नहीं किए। शुरुआती डेढ़ मिनट में दोनों खिलाड़ी एक दूसरे को परख रही थी और उन्होंने कोई बड़ा दांव नहीं लगाया। सोनम ने इसके बाद पुश-आउट अंक के साथ 1-0 की बढ़त बनाई और इसे तीन मिनट के पहले दौर के अंत तक बरकरार रखा। सोनम ने दूसरे दौर में एक और पुश-आउट अंक के साथ 2-0 की बढ़त बना ली। भारतीय पहलवान के सामने खुरेलखू अधिकांश समय कोई दांव नहीं लगा सकी।

मंगोलिया की पहलवान ने इसके बाद हालांकि वापसी करते हुए सोनम का पैर पकड़ा और उन्हें गिराकर दो अहम अंक जुटा लिए। दो बार की कैडेट विश्व चैंपियन (2017, 2019) सोनम ने अप्रैल में अल्माटी में एशियाई क्वालीफायर के फाइनल में जगह बनाकर तोक्यो खेलों के लिए क्वालीफाई किया था। मंगोलिया की पहलवान अगर फाइनल में जगह बनाती है तो सोनम को रेपेचेज दौर के जरिए कांस्य पदक जीतने का मौका मिलेगा।

इसे भी पढ़ें….

टोक्यो ओलंपिक: भारतीय पुरुष हॉकी टीम का सालों पुराना सपना टूटा, सेमीफाइनल में बेल्जियम से हारी

संबंधित समाचार