अमरोहा: ससुराल वालों से परेशान महिला ने कोर्ट परिसर में खाया जहरीला पदार्थ
अमरोहा/मंडी धनौरा,अमृत विचार। न्याय के लिए दर-दर भटक रही एक महिला ने पुलिस की कार्यशैली से नाखुश होकर ग्राम न्यायालय परिसर के बाहर जहरीला पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या की कोशिश की। महिला के जहरीला पदार्थ का सेवन करने से परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आनन फानन में महिला को सीएचसी में भर्ती …
अमरोहा/मंडी धनौरा,अमृत विचार। न्याय के लिए दर-दर भटक रही एक महिला ने पुलिस की कार्यशैली से नाखुश होकर ग्राम न्यायालय परिसर के बाहर जहरीला पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या की कोशिश की। महिला के जहरीला पदार्थ का सेवन करने से परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आनन फानन में महिला को सीएचसी में भर्ती कराया। महिला ने होश आने पर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए साथ ही ससुरालियों पर प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया।
बछरायूं थाना क्षेत्र के गांव रहमापुर माफी निवासी जन्म सिंह की पुत्री चंचल की शादी करीब एक वर्ष पूर्व रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव भटपुरा माफी निवासी गौतम सागर के संग हुई थी। महिला का आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद ही पति व ससुराल वालों ने उसको प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। हद तो तब हो गई जब उसको दहेज की मांग को लेकर मारपीट कर घर से निकाल दिया।
जिसको लेकर उसने ससुराल वालों के खिलाफ रजबपुर थाने में तहरीर दे रखी है। पीड़िता का आरोप है कि रजबपुर पुलिस मामले में कोई कार्यवाही नही कर रही है। दूसरी ओर पीड़िता ने बछरायूं थाना क्षेत्र के गांव रहमापुर माफी निवासी पृथ्वी व नरेश पर अपनी जमीन हड़पने का भी आरोप लगाया है। जिस मामले में पीड़िता धनौरा तहसील आई थी।
लेकिन न्याय न मिलने पर पीड़िता ने ग्राम न्यायालय परिसर के बाहर जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की। इससे वहां तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। आनन फानन में पुलिस ने पीड़िता को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के बाद महिला होश में आ गई। न्याय न मिलने को लेकर महिला ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया।
दो दिन पहले भी आई थी तहसील
मंडी धनौरा। महिला न्याय की गुहार लगाते हुए दर-दर भटक रही लेकिन कहीं भी उसे न्याय की उम्मीद नही जगी तो सोमवार को जहरीला पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या की कोशिश की। महिला ने बताया कि दो दिन पूर्व भी तहसील में अफसरों से मिलने आई थी लेकिन किसी ने उसकी बात को गंभीरता से नही सुना।
गांव के दंबगों ने हड़पी जमीन
मंडी धनौरा। महिला को ससुराल में ही नहीं मायके में भी प्रताड़ित किया जा रहा है। महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान होश आने पर बताया कि उसके नाम पर मायके में भी जमीन है। आरोप लगाया कि गांव के दो दबंग व्यक्तियों ने उसकी जमीन पर कब्जा जमाया हुआ। काफी प्रयास के बाद भी पुलिस कब्जा नही दिला पायी। महिला का कहना है कि ससुराल वालों ने दहेज के लिए मारपीट कर घर से निकाल दिया। मायके में दबंगों ने जमीन कब्जा ली, अब वह कहां जाए।
ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा
मंडी धनौरा। कुछ दिन पहले ही महिला ने पति समेत ससुराल वालों पर रजबपुर थाने में दहेज व मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। सोमवार को विवाहिता तहसील में अफसरों से मिलकर न्याय की गुहार लगाने आई थी। इस दौरान महिला ने तहसील स्थित ग्राम न्यायालय परिसर के बाहर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की।
सीओ मंडी धनौरा सत्येंद्र सिंह ने बताया कि महिला द्वारा लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। महिला की जो मायके में जमीन है उस पर काफी दिनों पहले राजस्व की टीम द्वारा जमीन को नापकर महिला को दिला दी गई थी। साथ ही महिला महिला की तहरीर पर थाना रजबपुर में उसके पति सहित ससुरालियों पर दहेज का केस दर्ज है। जिसका मामला कोर्ट में विचाराधीन है। महिला आर्थिक मदद को कहती है।
