रामपुर: आजम खां का विकास कार्यों के लिए प्रस्ताव नहीं देना शर्मनाक-नवेद
रामपुर,अमृत विचार। पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां ने कहा है कि यह शर्म की बात है कि रामपुर की अवाम ने जिन्हें सांसद और विधायक चुना उन्होंने अपनी निधि में आने वाले धन का प्रयोग विकास कार्यों के लिए नहीं किया है। सांसद आजम खां के खाते में ढाई करोड़ और …
रामपुर,अमृत विचार। पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां ने कहा है कि यह शर्म की बात है कि रामपुर की अवाम ने जिन्हें सांसद और विधायक चुना उन्होंने अपनी निधि में आने वाले धन का प्रयोग विकास कार्यों के लिए नहीं किया है। सांसद आजम खां के खाते में ढाई करोड़ और शहर विधायक तजीन फातिमा के खाते में साढ़े चार करोड़ रुपए की धनराशि पड़ी है और लोग विकास कार्य को तरस रहे हैं। इन दोनों ने विकास के लिए आया धन खर्च नहीं करके जनविरोधी कार्य किया है।
पूर्व मंत्री नवेद मियां ने कहा कि सांसद और शहर विधायक ने हमेशा ही निजी स्वार्थ की राजनीति है। कहा कि अपनी तिजोरी भरने और जमीनें कब्जाने की वजह से ही सांसद जेल में है और शहर विधायक जमानत पर आई हुई हैं। ऐसा लगता है कि दोनों ही अपनी निधि में आए सरकारी धन से विकास कार्य नहीं कराकर रामपुर की जनता से इंतकाम ले रहे हैं।
नवेद मियां ने कहा है कि सांसद जेल में है, लेकिन शहर विधायक को जनता को जवाब देना चाहिए कि वह अपनी निधि से विकास कार्यों के प्रस्ताव क्यों नहीं दे रही हैं। शहर विधायक जिला पंचायत चुनाव में सक्रिय रहीं बैठक और पत्रकार वार्ता करती रहीं।
मुकदमों की पैरवी में लगी हैं, लेकिन उनके पास विकास कार्यों के प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करने का समय नहीं है। शहर समस्याओं से जूझ रहा है। सड़कों की हालत खराब है। थोड़ी सी बारिश में पूरा शहर तालाब बन जाता है। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में शहर पिछड़ा हुआ है। इसके बावजूद उनके द्वारा विकास कार्यों के प्रस्ताव नहीं देना शर्मनाक है।
