मुरादाबाद: सौतेले भाई की हत्यारोपी बहन प्रेमी संग गिरफ्तार, राज खुलने पर फरार था प्रेमी-युगल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। षडयंत्र रचकर अपने साथियों के साथ मिलकर सौतेले भाई को मौत के घाट उतारने वाली सौतेली बहन और उसके प्रेमी को मुगलपुरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मृतक की प्रेमिका समेत दो आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। हत्यारोपी सौतेली बहन ने नोएडा के एक मंदिर में जाकर प्रेमी से …

मुरादाबाद,अमृत विचार। षडयंत्र रचकर अपने साथियों के साथ मिलकर सौतेले भाई को मौत के घाट उतारने वाली सौतेली बहन और उसके प्रेमी को मुगलपुरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मृतक की प्रेमिका समेत दो आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। हत्यारोपी सौतेली बहन ने नोएडा के एक मंदिर में जाकर प्रेमी से शादी कर ली थी। वह नोएडा में किराए का कमरा लेकर रह रहे थे।

एएसपी व सीओ कोतवाली अनिल कुमार यादव ने बताया कि दो अगस्त को मोहल्ला लालबाग की रामगंगा कालोनी की गली नंबर तीन में रहने वाले ओमप्रकाश ने मुगलपुरा थाने में अपने 28 वर्षीय पुत्र गगन उर्फ गौतम के बारे में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 12 दिन पूर्व गगन बिना बताए कहीं चला गया।

इसके साथ ही उन्होंने अपनी बेटी नंदनी उर्फ अंजलि और उसके प्रेमी प्रदीप पर गगन को गायब करने का शक भी जताया था। मुगलपुरा पुलिस और एसओजी ने संयुक्त रूप से कार्रवाई कर तीन अगस्त को गगन की प्रेमिका ममता और वीरु उर्फ हरीश को गिरफ्तार करके घटना का खुलासा कर दिया था। ममता और वीरु ने पूछताछ में कबूल किया था कि गगन की हत्या उसकी सौतेली बहन नंदनी ने ही कराई थी।

दो अगस्त को जब ओमप्रकाश ने थाने में आकर सूचना दी तो नंदनी को आभास हो गया था कि अब राज खुल जाएगा। इसलिए वह अपने प्रेमी प्रदीप के साथ नोएडा भाग गई। वहां उन्होंने एक मंदिर में शादी कर ली और किराए का कमरा लेकर रह रहे थे। पुलिस ने उन्हें पीतल नगरी बस अड‌्डे से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया गया।

अपने किए पर नहीं कोई अफसोस
प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि नंदनी उर्फ अंजलि को अपने सौतेले भाई की हत्या का कोई मलाल नहीं है। पूछताछ में उसने बताया कि यदि मैं उसे नहीं मारती तो वह मुझे मार देता। गगन उसका सौतेले भाई था मगर उसे इस रिश्ते की रत्तीभर भी शर्म नहीं थी। जब मन होता था घर में पूरी तरह नग्न होकर घूमने लगता था। उसे गगन की हत्या करने का कोई अफसोस नहीं है।

ऐसे किए गए गिरफ्तार
सौतेले भाई की हत्यारोपी नंदनी और उसके प्रेमी प्रदीप के पास फोन भी नहीं था, इसलिए पुलिस को उनकी लोकेशन नहीं मिल पा रही थी। इस पर पुलिस ने उनके एक रिश्तेदार को समझा कर उन्हें मुरादाबाद बुलाने के लिए तैयार कर लिया। रिश्तेदार ने उन्हें बताया कि पुलिस से सैटिंग हो गई है। ममता और वीरु पर ही हत्या का मुकदमा चलेगा। तुम्हारे खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी। नंदनी और प्रदीप झांसे में आ गए और मुरादाबाद चले आए। जैसे वह पीतल नगरी रोडवेज पर बस से उतरे तो पहले ही उनके स्वागत के लिए तैयार खड़ी मुगलपुरा पुलिस ने दोनों को दबोच लिया।

संबंधित समाचार