हरदोई: मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों में चली लाठी-डंडे, सात घायल, केस दर्ज
हरदोई। कोतवाली क्षेत्र के गांव कलौली में मामूली विवाद को लेकर दो पक्षो में जमकर लाठियां चटकीं जिसमें पूर्व प्रधान राम शंकर सिंह सहित सात लोग घायल हो गए। कलौली निवासी आशीष कुमार सिंह ने बताया कि बीती शाम करीब 8 बजे वह अपनी कीटनाशक दुकान पर बैठा था उसी समय गांव के ही अरविंद …
हरदोई। कोतवाली क्षेत्र के गांव कलौली में मामूली विवाद को लेकर दो पक्षो में जमकर लाठियां चटकीं जिसमें पूर्व प्रधान राम शंकर सिंह सहित सात लोग घायल हो गए। कलौली निवासी आशीष कुमार सिंह ने बताया कि बीती शाम करीब 8 बजे वह अपनी कीटनाशक दुकान पर बैठा था उसी समय गांव के ही अरविंद कीटनाशक दवा लेने आये।
दवा दुकान में उपलब्ध न होने को लेकर नाराज अरविंद ने उसे गाली दी, इस पर भी मना करने पर वह वाद विवाद पर उतारू हो गया और मारपीट करने लगा। इसके बाद गांव के ही चंद्र पाल, शिव दयाल, महेंद्र, शिशुपाल, सेवक राम, तौले, प्रकाश आदि लाठी डंडों व धारदार हथियार लेकर आये और ललकारते हुये धावा बोल दिया।
मुझे बचाने दौड़े ताऊ पूर्व प्रधान राम शंकर सिंह, भाई राहुल, शिवम और साहब लाल को भी मारपीट कर घायल कर दिया जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं हैं। दूसरे पक्ष के अरविंद कुमार ने बताया कि वह हाल ही में हुए पंचायत चुनाव में आशीष सिंह के पक्ष का विरोध करने को लेकर रंजिश के चलते उसे जाति सूचक गालियां दी।
विरोध करने पर उनके परिवार के ही प्रधान व उनके बेटे राहुल, रोहित, सन्तोष सुरेशपाल ने उसे व परिवार के शिवदयाल, राम सेवक को मारपीट कर घायल कर दिया। मारपीट का कारण चुनावी रंजिश बताया है। मामले को लेकर कोतवाल हंसमती ने बताया कि दोनों पक्षो को चोटें आयी हैं। दोनों का बलवा व मारपीट सहित सुसंगत धाराओं में दोनों तरफ से मुकदमा दर्ज कर घायलों का डॉक्टरी परीक्षण कराया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गयी है।
