मुरादाबाद: मां की डांट से खफा छात्र ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, वजह जानकर हो जाएंगे हैरान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। मोबाइल गेम बच्चों के दिल व दिमाग पर इस कदर हावी हो गए हैं कि उन्हें इसकी लत लग चुकी है। पबजी ने तो सारी सीमाएं ही पार कर दी हैं। छोटे बच्चों से लेकर किशोरों को इसकी इस कदर लत लग चुकी है कि इसके सामने खाना-पीना भी भूल जाते हैं। पबजी …

मुरादाबाद,अमृत विचार। मोबाइल गेम बच्चों के दिल व दिमाग पर इस कदर हावी हो गए हैं कि उन्हें इसकी लत लग चुकी है। पबजी ने तो सारी सीमाएं ही पार कर दी हैं। छोटे बच्चों से लेकर किशोरों को इसकी इस कदर लत लग चुकी है कि इसके सामने खाना-पीना भी भूल जाते हैं। पबजी खेलने से मना करने वाला उन्हें सबसे बड़ा दुश्मन नजर आता है। अगवानपुर में पबजी को लेकर मां ने किशोर को डांट दिया, इससे खफा होकर वह रेलवे ट्रैक पर जा पहुंचा और ट्रेन से कटकर अपनी जान दे दी। सिविल लाइंस पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। घटना को लेकर परिवार में कोहराम मचा है।

ट्रेन से कटकर अपनी जान गंवाने वाला 17 वर्षीय अमन सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के कस्बा अगवानपुर के मोहल्ला कुरैशियान का निवासी था। दसवीं कक्षा में पढ़ने वाले अमन के पिता इदरीश खानशामा हैं। लॉकडाउन के दौरान अमन ने भी टेंपो स्टैंड के पास हलीम बिरयानी की दुकान खोल ली थी। गुरुवार को मोहल्ले में ही शादी थी। इसमें शामिल होने के लिए अमन को भी जाना था।

वह दुकान से आया और मोबाइल पर पबजी खेलने लगा। इस दौरान उसका छोटा भाई शैफू भी आ गया और पबजी खेलने के लिए उससे मोबाइल मांगने लगा। इसी को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी होने लगी। शोर-शराबा सुनकर पहुंची मां चांदनी ने दोनों बेटों को डांट दिया। मां ने अमन को कहा कि पबजी के चक्कर में तूने शादी में जाने के लिए कपड़े भी नहीं पहने हैं। मोबाइल में आग लगा दूंगी। मां का डांटना अमन को इतना बुरा लगा कि वह गुस्से में घर से निकल गया। इसके बाद वह रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया। उधर से ट्रेन गुजरी तो अमन ने ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन तत्काल मौके पर पहुंच गए। इस बीच अगवानपुर चौकी से पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने अमन के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद अमन का शव घर पहुंचा तो एक बार फिर कोहराम मच गया। मां चांदनी, पिता इदरीश तथा अन्य भाई बहन बुरी तरह बिलखने लगे। अपनी जान गंवाने वाला अमन आठ भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था।

संबंधित समाचार