बरेली: बीएड प्रवेश परीक्षा में 90 फीसदी उपस्थित, टूटे कोरोना नियम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बीएड प्रवेश परीक्षा में 90 फीसदी अभ्यर्थियों की उपस्थति रही। परीक्षा के दौरान कोरोना नियम तार-तार हो गए। परीक्षा शुरू होने और परीक्षा खत्म होने के बाद अभ्यर्थियों के बीच सामाजिक दूरी का पालन नहीं हो सका। परीक्षा छूटने के बाद केंद्रों के बाहर लंबा जाम लग गया। इसकी वजह से लोगों …

बरेली, अमृत विचार। बीएड प्रवेश परीक्षा में 90 फीसदी अभ्यर्थियों की उपस्थति रही। परीक्षा के दौरान कोरोना नियम तार-तार हो गए। परीक्षा शुरू होने और परीक्षा खत्म होने के बाद अभ्यर्थियों के बीच सामाजिक दूरी का पालन नहीं हो सका। परीक्षा छूटने के बाद केंद्रों के बाहर लंबा जाम लग गया। इसकी वजह से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। जाम खुलवाने के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

बीएड प्रवेश परीक्षा शुक्रवार को दो पालियों में आयोजित हुई। पहली पाली में सुबह 9 बजे से पहले ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी लाइनें लग गईं। अभ्यर्थी एक-दूसरे से सटकर खड़े रहे। सामाजिक दूरी का पालन नहीं हो सका। जबकि शासन ने कोरोना नियमों का पालन कराने के लिए कई दिशा-निर्देश दिए थे। यहां तक कि परीक्षा केंद्रों पर कोरोना किट भी बांटी गई थीं।

सबसे ज्यादा दिक्कत बरेली कॉलेज, एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय, इस्लामियां इंटर कॉलेज व अन्य बड़े परीक्षा केंद्रों पर हुई। पहली पाली की परीक्षा छूटने के बाद बरेली कॉलेज, पटेल चौक, नावल्टी चौक, पीलीभीत बाईपास समेत अन्य जगहों पर लंबा जाम लग गया। जाम में अभ्यर्थी, उनके अभिभावक व स्थानीय लोग भी फंस गए। कुछ घंटे के बाद दूसरी पाली की परीक्षा हुई। इस दौरान भी पहले जैसे हालात रहे। दूसरी पाली की परीक्षा छूटने के बाद भी लंबा जाम लगा। विश्वविद्यालय के सामने पीलीभीत रोड पर काफी देर तक वाहन फंसे रहे।

हाईलाइट्स

  • 12908 अभ्यर्थी थे पंजीकृत
  • 11606 अभ्यर्थी पहली पाली में उपस्थित
  • 11616 अभ्यर्थी दूसरी पाली में उपस्थित

दूसरी पाली में अधिक अभ्यर्थी पहुंचे
बीएड प्रवेश परीक्षा में सिर्फ 10 फीसदी अभ्यर्थी ही परीक्षा में अनुपस्थित रहे। यहां तक कि दूसरी पाली में 10 छात्र अधिक परीक्षा में पहुंच गए। बीएड प्रवेश परीक्षा के समन्वयक प्रो. केके चौधरी ने बताया कि बरेली जिले में 28 केंद्रों पर 12908 अभ्यर्थी पंजीकृत थे जिसमें पहली पाली में 11606 और दूसरी पाली में 11616 अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

परीक्षा शांतिपूर्ण सम्पन्न हो गई। कहीं भी किसी तरह की गड़बड़ी सामने नहीं आयी है। विश्वविद्यालय से संबद्ध 9 जिलों के महाविद्यालयों में भी परीक्षा हुई है। सभी जगहों की उपस्थित का रिकार्ड तैयार किया जा रहा है।

दिव्यांगों में भी दिखा जज्बा
बीएड प्रवेश परीक्षा के दौरान कई दिव्यांग भी परीक्षा देने के लिए पहुंचे। परीक्षा के प्रति उनका जोश देखते ही बन रहा था। एक युवती के दोनों हाथों में परेशानी थी, इसके बावजूद वह अपने हाथों में प्रवेश पत्र व अन्य कागजात लेकर परीक्षा देने के लिए पहुंची। एक दिव्यांग व्हील चेयर पर परीक्षा देने के लिए पहुंचा।

यह भी पढ़ें-

बरेली: एयरफोर्स स्टेशन के सार्जेंट ने पानी की टंकी से कूदकर दी जान

संबंधित समाचार