जेपी नड्डा ने योगी सरकार की तारीफ, कहा- बीमारू राज्य से अग्रिम पंक्ति में आया यूपी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि एक समय था जब यूपी को बीमारू राज्यों में गिना जाता था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सुशासन के कारण अब उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में गिना जाता है। प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय इस दौरान 47 हजार …

लखनऊ। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि एक समय था जब यूपी को बीमारू राज्यों में गिना जाता था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सुशासन के कारण अब उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में गिना जाता है। प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय इस दौरान 47 हजार से बढ़कर 94 हजार सालाना यानी दोगुना हो गई है। भाजपा अध्यक्ष ने यह बातें इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित जिला पंचायत अध्यक्षों व ब्लाक प्रमुखों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।

यूपी के दो दिवसीय प्रवास पर आए नड्डा ने अध्यक्षों व ब्लाक प्रमुखों का स्वागत करते हुए कहा कि जनसमस्याओं को समझते हुए हमें अपना एजेंडा सेट करना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में भाजपा का एजेंडा गरीबों की भलाई है। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं से आमजन को मिलने वाले लाभ और जीवन में आए बदलाव की चर्चा की। यूपी का जिक्र करते हुए कहा कि दंगों का प्रदेश कहा जाने वाला यूपी का बजट ढाई गुना बढ़ा है, जीडीपी तेजी से बढ़ी है और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में यूपी दूसरे स्थान पर है।

कोराेना काल का जिक्र करते हुए कहा कि देश में ऑक्सीजन की कमी हुई तो प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जल, थल और नभ से ऑक्सीजन की आपूर्ति हुई। उन्होंने आए हुए जनप्रतिनिधियों का आहवान करते हुए कहा कि देश और प्रदेश में भारी सकारात्मक बदलाव हुए हैं। जिसे वे लोग जनता तक पहुंचाएं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर हमला बोला, कहा कि कोरोना काल में विपक्ष के सभी नेता जनता को उसके हाल पर छोड़ घरों में बैठ गये थे। खुद को स्वघोषित क्वारंटीन कर लिया था। जबकि भाजपा सरकार व कार्यकर्ता देश के साथ लगे रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम और पुरुषार्थ से आज हम प्रदेश में त्रिस्तरीय चुनाव में इतनी बड़ी संख्या में जीते हैं। इसलिए चुने गए जनप्रतिनिधि संगठन के सम्मान की रक्षा करें। अपने अपने क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन करवाएं और एक एक ग्राम पंचायत को आदर्श ग्राम पंचायत बनाएं। साथ ही सरकार की प्राथमिकता में सहयोग करें। प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने ब्लाक प्रमुखों व जिला पंचायत अध्यक्षों से कहा कि जनता ने उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। अब उनकी जिम्मेदारी है कि अंत्योदय के संकल्प को पूरा करें। इससे पहले जनप्रतिनिधियों को राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत मुख्यमंत्री ने भी सम्मानित किया। सम्मेलन में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा आदि भी रहे। पंचायती राज मंत्री भूपेन्द्र चैधरी ने आभार जताया और संचालन प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर ने किया।

इन आंकड़ों पर दिया जोर

-50 करोड़ का टीकाकरण कर देश ने बनाया विश्व कीर्तिमान
-दस करोड़ किसानों को दी जा चुकी किसान सम्मान निधि
-मार्च से नवंबर तक 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन
-यूपी में सात करोड़ जनधन खाते खुले
-डेढ़ करोड शौचालयों का निर्माण हुआ
-2.54 करोड़ परिवारों को उज्जवला योजना का लाभ
-1.83 करोड़ को आयुष्मान भारत का लाभ
-80 लाख परिवारों में सौभाग्य योजना से पहुंची बिजली

संबंधित समाचार