बदायूं, शाहजहांपुर और बरेली की 28 हेक्टेयर भूमि पर बनेंगे तालाब
बरेली, अमृत विचार। कोरोना काल से नुकसान का सामना कर रहे किसानों को शासन ने राहत देने की योजना बनाई है। बरेली मंडल के बदायूं, शाहजहांपुर और बरेली जिले में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तालाबों का निर्माण कराया जाएगा। शासन द्वारा शुरू की गई प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के जरिए किसानों …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना काल से नुकसान का सामना कर रहे किसानों को शासन ने राहत देने की योजना बनाई है। बरेली मंडल के बदायूं, शाहजहांपुर और बरेली जिले में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तालाबों का निर्माण कराया जाएगा। शासन द्वारा शुरू की गई प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के जरिए किसानों की आय में तो इजाफा होगा ही, साथ ही बेरोजगारों को भी रोजगार मिलेगा। इस योजना के जरिए तीनों जनपदों में 28 हेक्टेयर क्षेत्रफल में तालाबों का निर्माण कर मछली पालन कराया जाएगा।
मत्स्य विभाग मछली पालन के लिए 50 लाख रुपये की लागत से तालाब और अलग-अलग क्षमता के टैंकों का निर्माण भी कराया जाएगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार इससे पूर्व प्रति हेक्टेयर क्षेत्रफल में लगभग 42 क्विंटल तक मछली का उत्पादन किया जाता था। इस वर्ष संचालित इस योजना में प्रति हेक्टेयर 50 क्विंटल तक का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए शाहजहांपुर में 6.5 हेक्टेयर और बदायूं में 4.5 हेक्टेयर भूमि पर तालाब बनाए जा रहे हैं। बरेली में सबसे ज्यादा अलग-अलग जगहों को मिलाकर कुल 17 हेक्टेयर भूमि पर तालाबों का निर्माण कराया जाएगा।
सरकारी अनुदान से संवारेगा भविष्य
योजना के तहत ज्यादा से ज्यादा से लोगों को लाभांवित करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके तहत लाभ लेने वाली महिला लाभार्थियों को 60 फीसदी और सामान्य वर्ग के पुरुषों को 40 प्रतिशत तक का अनुदान दिया जा रहा है। योजना का संचालन समूहों में किया जा रहा है।
हाइजीन मुक्त होंगी मछली की दुकानें
संक्रामक रोगों के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए विभाग ने मछली की दुकानों को हाइजीन मुक्त रखने का निर्देश जारी किया है। साथ ही मछली बिक्री के लिए चयनित दुकानों में मछली रखने के लिए बाकायदा डीप फ्रिजर की व्यवस्था कराई गई है। इसके अलावा इन दुकानों को पूर्णतया वातानुकूलित रखने की व्यवस्थाएं कराई गई है।
ऐसे करें आवेदन
लाभार्थियों को पहले आओ पहले पाओ के आधार पर योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। इच्छुक व्यक्ति मत्स्य विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ फोटो, आधार कार्ड, 100 रुपये के स्टांप पर शपथ पत्र के साथ अभिलेख अपलोड कराने होंगे।
योजना की जानकारी के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार किया जा रह है। इसके तहत कुछ जगहों पर तालाबों का निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। शेष जगहों पर जल्दी ही तालाब निर्माण का कार्य पूरा कर मछली पालन किया जाएगा। -सोमपाल, सांख्यिकी अधिकारी, मत्स्य विभाग
यह भी पढ़ें-
बरेली: नौकरी की तलाश में जा रहे बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौत
