बरेली: ई-निवारण से होगा बिजली की समस्या का हल
बरेली, अमृत विचार। बिजली उपभोक्ताओं को अब मीटर और बिल संबधित शिकायतों के लिए कार्यालय के चक्कर नहीं काटने होंगे। बिजली बिल संबंधी समस्याओं को खत्म करने के लिए उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन (यूपीपीसीएल) ने उपभोक्ताओं को घर बैठे मोबाइल एप से खुद ही बिजली बिल बनाने की शुरुआत की है। यूपीपीसीएल ने ई-निवारण एप …
बरेली, अमृत विचार। बिजली उपभोक्ताओं को अब मीटर और बिल संबधित शिकायतों के लिए कार्यालय के चक्कर नहीं काटने होंगे। बिजली बिल संबंधी समस्याओं को खत्म करने के लिए उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन (यूपीपीसीएल) ने उपभोक्ताओं को घर बैठे मोबाइल एप से खुद ही बिजली बिल बनाने की शुरुआत की है। यूपीपीसीएल ने ई-निवारण एप की शुरुआत की है, जिसके माध्यम से उपभोक्ता खुद बिल बनाकर ऑनलाइन ही जमा कर सकते हैं।
शासन की तरफ से बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण को सुविधाजनक बनाने के लिए ई-निवारण एप बनाया गया है। कुतुबखाना उपखंड अधिकारी गौरव शर्मा ने बताया कि उपभोक्ता घर बैठे आसानी से ऑनलाइन अपनी शिकायतें इस एप पर दर्ज करा सकेंगे। इसके माध्यम से लोग बिजली के टूटे तार, खराब ट्रांसफॉर्मर और बिजली संबंधी अन्य दिक्कतों की जानकारी दे सकेंगे।
साथ ही घरेलू या अन्य उपभोक्ता भी अपनी पूर्ण जानकारी के साथ इस एप के माध्यम से शिकायत कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि टोल-फ्री नंबर 1912 के जरिए बिजली उपभोक्ता शिकायत कर रहे हैं। उनकी समस्याओं का समाधान भी किया जा रहा है।
ऐसे करना होगा डाउनलोड
उपभोक्ताओं को गूगल प्ले स्टोर से ई-निवारण एप डाउन करने के बाद इसमें बिजली कनेक्शन का अकाउंट नंबर भरना होगा। इसके बाद ओटीपी आएगा। ओटीपी आने के बाद सॉफ्टवेयर मोबाइल नंबर का सत्यापन करेगा। इसके बाद अकाउंट नंबर और यूजर आईडी बनकर तैयार होगी। जिसके बाद उपभोक्ता अपना बिजली बिल खुद निकालकर जमा कर सकते हैं।
