लखनऊ: सावधान! फेसबुक फ्रेंड बनने से पहले कर लें पड़ताल, नहीं तो हो जाएंगे…
लखनऊ। विदेशी लड़कियों के नाम पर इन दिनों फेसबुक पर ठगी का खेल खेला जा रहा है। शातिर युवक-युवतियां देश में ही बैठकर विदेशी नंबरों से फोन करके लोगों को ठग रहे हैं। उनकी गंदी तस्वीर या अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ठगा जा रहा है। ठगी का यह खेल सिर्फ आम ही नहीं बल्कि खास …
लखनऊ। विदेशी लड़कियों के नाम पर इन दिनों फेसबुक पर ठगी का खेल खेला जा रहा है। शातिर युवक-युवतियां देश में ही बैठकर विदेशी नंबरों से फोन करके लोगों को ठग रहे हैं। उनकी गंदी तस्वीर या अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ठगा जा रहा है। ठगी का यह खेल सिर्फ आम ही नहीं बल्कि खास लोगों के साथ भी खेला जा रहा है। इस बावत अभी तक साइबर क्राइम सेल में करीब 30 मामले दर्ज हो चुके हैं।
विदेशी युवती बनकर पहले लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जाती है। रिक्वेस्ट एक्सेप्ट होने के बाद मैसेंजर के माध्यम से वाट्सएप पर वार्ता का दौर चल निकलता है। बस यहीं से ठगी के मुख्य खेल की शुरुआत हो जाती है। शातिर फेसबुक के प्रोफाइल पर भी विदेशी युवती का ही फोटा लगाते हैं जिससे सामने वाले व्यक्ति को उसके विदेशी युवती होने का विश्वास हो जाता है।
विश्वास जमते ही युवतियां अपनी मीठी-मीठी बातों में फंसाकर उनसे रकम की वसूली कर लेती हैं। कई मामले तो ऐसे भी सामने आए जहां लोगों ने समाज में बदनामी के चलते पुलिस में मामला ही दर्ज नहीं कराया। एसीपी साईबर क्राइम सेल विवेक रंजन राय ने बताया कि विदेशी युवतियों के नाम पर फेसबुक पर करीब 7-8 सालों से ठगी का काम किया जा रहा है। आमजन सतर्क रहकर ही इससे बच सकते हैं।
फ्लाइट के टिकट का भेजती हैं फोटो
इसी मामले में फंसे एक युवक का कहना है कि उनके पास भी यूके से एक युवती की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी। बातचीत के दौरान वाट्सएप नंबर का आदान-प्रदान हुआ। युवती ने खुद को यूके में बैंकर बताया। इसके बाद पारिवारिक परेशानी बताकर युवक से अपने खाते में रुपये ट्रांसफर करा लिए। रुपये मिलने के बाद युवती का फोन मिलना बंद हो गया, तब युवक को अपने साथ ठगी का एहसास हुआ।
एयरपोर्ट से आता है फर्जी फोन
युवतियां लोगों को भारत भ्रमण का झांसा देती हैं। वह बताती हैं कि वह इस तारीख को दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंच जाएंगी। ठीक उसी दिन एयरपोर्ट से भी एक फोन आता है। फोन करने वाला खुद को कस्टम अधिकारी बताकर कहता है कि आपकी महिला मित्र के पास भारी मात्रा में आभूषण हैं और महंगे सामान हैं। लिहाजा आपको कस्टम ड्यूटी देनी होगी। जबकि यह पूरी तरह फर्जी होता है।
बुजुर्ग से ठग चुके हैं 85 हजार रुपये
महानगर निवासी एक बुजुर्ग भी विदेशी युवती से दोस्ती के नामपर ठगी का शिकार हो चुके हैं। उन्हें भी पहले फेसबुक पर रिक्वेस्ट आई। उन्होंने उसके विदेशी होने का सबूत मांगा। जिसके बाद युवती ने उन्हें विदेश के मोबाइल नंबर से कॉल किया। झांसे में आए बुजुर्ग ने युवती के एकाउंट में 85 हजार रुपए भेज दिए।
अश्लील वीडियो व फोटो के माध्यम से ठगी
कई मामले ऐसे में भी सामने आए जहां युवतियों ने लोगों के अश्लील वीडियो बनाने के साथ ही उनकी अश्लील तस्वीर भी खींच ली। इसके बाद फिर युवतियां या गिरोह के अन्य सदस्य ऐसे व्यक्तियों से रुपयों की वसूली करते हैं। रुपयों की डिमांड न पूरी होने पर समाज में छवि धूमिल करने और वीडियो को इंटरनेट पर डालने की धमकी देकर रुपये वसूल लेते हैं।
