लखनऊ: बालू अड्डा क्षेत्र में डायरिया का कहर जारी, मिले 40 नये मरीज, अलर्ट मोड पर एंबुलेंस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। बालू अड्डा में डायरिया का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को 40 नए मरीज में मिले, इसमें 8 गंभीर मरीजों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिछले चार दिनों से पाइप लाइन से पानी की आपूर्ति रोक दी गई है। टैंकर से पानी की आपूर्ति की …

लखनऊ। बालू अड्डा में डायरिया का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को 40 नए मरीज में मिले, इसमें 8 गंभीर मरीजों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिछले चार दिनों से पाइप लाइन से पानी की आपूर्ति रोक दी गई है। टैंकर से पानी की आपूर्ति की जा रही है। इसके बावजूद नए लोग बीमारी की जद में आ रहे हैं। अब भी बीमारी फैलने के कारणों का पता नहीं चल सका।

दरअसल सोमवार से बालू अड्डा में डायरिया फैला है। मासूम समेत दो मरीजों की मौत हो चुकी है। अब तक 236 लोग बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। 40 से ज्यादा मरीज सिविल अस्पताल में भर्ती कराए जा चुके हैं। अब भी नए मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। नए मरीजों के मिलने से स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई है।

अधिकारियों का कहना है कि पहले दिन से पाइप लाइन से पानी की आपूर्ति रोक दी गई है। टैंकर से पानी की आपूर्ति की जा रही है। स्थानीय लोगों को क्लोरीन की गोलियां बांटी जा रही हैं ताकि गोलियों से पानी को विसंक्रमित किया जा सके। वहीं ब्लीचिंग भी बांटी जा रही है। चौथे दिन भी मरीजों का मिलना चिंताजनक है।

सीएमओ ने बटवाये ओआरएस के घोल
सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल के मुताबिक मरीजों के यूरीन व स्टूल की जांच के लिए नमूने एकत्र कराए गए हैं। पानी की बैक्टीरियल जांच के लिए नमूने लिए गए हैं। इसमें किसी भी तरह की गंदगी की मिलावट का भी पता लगाया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद भी आगे की कार्रवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों की टीम 24 घंटे मरीजों की देखभाल कर रही हैं।

अलर्ट मोड पर एंबुलेंस
एम्बुलेंस लगी हुई हैं ताकि भर्ती लायक मरीजों को सिविल अस्पताल में शिफ्ट कराया जा सके। लोगों को पानी उबालकर पीने की सलाह दी जा रही है। ओआरएस के घोल बांटे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मरीजों की संख्या में कमी आ रही है। एकाध दिन में स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में आने की उम्मीद है।

संबंधित समाचार