जो सदन को वाश आउट करने की वाशिंग मशीन लेकर घूम रहे थे, वो आज दे रहे नियमों का ज्ञान- नकवी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करने की सियासी सनक, लोकतंत्र पर हमले की सामंती साजिश तक पहुंच गई है। नकवी ने यहां संवाददाताओं से कहा,“ गुनाहों की गठरी और पाप का पिटारा लेकर कुछ लोग बेशर्मी के साथ अपने जुर्म का जश्न …

प्रयागराज। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करने की सियासी सनक, लोकतंत्र पर हमले की सामंती साजिश तक पहुंच गई है। नकवी ने यहां संवाददाताओं से कहा,“ गुनाहों की गठरी और पाप का पिटारा लेकर कुछ लोग बेशर्मी के साथ अपने जुर्म का जश्न मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एवं कुछ विपक्षी दलों ने संसद के मानसून सत्र के दौरान संसद में प्रदूषण का पाप और सड़क पर पॉलिटिकल पाखंड का पराक्रम किया है। इसे कहते हैं चोरी और सीनाजोरी।

उन्होंने कहा कि जो विपक्षी पार्टियां मानसून सत्र के पहले दिन से ही सदन को वाश आउट करने की वाशिंग मशीन लेकर घूम रही थीं, वे आज नियमों, सिद्धांतों और परम्पराओं का ज्ञान दे रही हैं। कांग्रेस और अन्य विपक्षी पार्टियां पहले मांग कर रही थीं कि मोदी, कोरोना वायरस के खिलाफ किये जा रहे प्रयासों से अवगत कराने के लिए ऑल-पार्टी मीटिंग बुलाएं, लेकिन प्रधानमंत्री ने जब ऑल-पार्टी मीटिंग बुलाई तो उसका बहिष्कार किया गया।

नकवी ने कहा कि फिर इन्हीं विपक्षी पार्टियों ने कहा कि किसानों के मुद्दों पर चर्चा हो लेकिन किसानों के मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय संसद में तोड़फोड़ और हंगामे में लग गए। सरकार शुरू से ही सभी मुद्दों पर सकारात्मक-रचनात्मक चर्चा के लिए तैयार थी लेकिन विपक्षी पार्टियां हंगामे की प्रतिस्पर्धा में लगी रहीं। नकवी ने कहा कि विपक्ष का चौधरी बनने की प्रतिस्पर्धा में कई विपक्षी दल हंगामे के बाद हिंसा पर उतर आये। कुछ विपक्षी सांसद यह कह रहे हैं कि वे सौ बार ऐसी हिंसा करेंगे। उनकी मांग है कि इन सदस्यों के खिलाफ ऐसी कड़ी कार्रवाई की जाये जिससे इस तरह का शर्मनाक अपराध और लोकतंत्र के मंदिर को प्रदूषित करने से पहले सौ बार सोचना पड़े।

उन्होंने कहा कि संसद को अपनी अकड़-अहंकार एवं अराजकता का अखाड़ा बनाने वाले सड़क पर पाखंड का पहाड़ा पढ़ रहे हैं। संसद के सत्र को वाश आउट करने की वाशिंग मशीन लेकर बैठे कुछ राजनैतिक दल अपने गुनाहों की गठरी में रफू करने की कोशिश कर रहे हैं। नकवी ने आज प्रयागराज के कुछ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भी दौरा किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए प्रभावी कदम उठा रही है। केंद्र सरकार भी इस दिशा में पूरी मदद कर रही है।

संबंधित समाचार