रामपुर: डॉक्टर साहब! अस्पताल के अंदर वाला रास्ता खुलवा दें, नहीं तो हम सब करेंगे पलायन
टांडा/रामपुर, अमृत विचार। नगर के वार्ड एक के बाशिंदों ने शुक्रवार को सीएचसी प्रभारी के खिलाफ नारेबाजी कर रास्ता खुलवाने की मांग की। उन्होंने कहा ये रास्ता वर्षों पुराना है, इस रास्ते से हमारे घरों के जनाजे कब्रिस्तान के लिए जाते हैं। बीमार होने या इमरजेंसी डिलीवरी के समय इसी रास्ते के जरिये अस्पताल या मेडिकल …
टांडा/रामपुर, अमृत विचार। नगर के वार्ड एक के बाशिंदों ने शुक्रवार को सीएचसी प्रभारी के खिलाफ नारेबाजी कर रास्ता खुलवाने की मांग की। उन्होंने कहा ये रास्ता वर्षों पुराना है, इस रास्ते से हमारे घरों के जनाजे कब्रिस्तान के लिए जाते हैं। बीमार होने या इमरजेंसी डिलीवरी के समय इसी रास्ते के जरिये अस्पताल या मेडिकल जाना होता है। इसलिए हर हाल में इस रास्ते को खोल दिया जाए। ऐसा नहीं करने पर क्षेत्र से पलायन की धमकी तक दे दी। विरोध स्वरूप घरों के बाहर ‘बिकाऊ’ लिखवा दिया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंदर वर्षों से रामलीला मैदान की और को रास्ता जाता था जिसे बीते सप्ताह सीएचसी प्रभारी द्वारा गंदगी व आवारा पशुओं के अस्पताल परिसर में रहने व गंदगी करने के चलते बन्द करवा दिया गया था। जिसका विरोध पालिकाध्यक्ष मेहनाज जहां व भाजपा नेताओं तथा मोहल्लेवासियों और सनातन धर्म के लोगों के साथ रामलीला कमेटी ने भी किया था। उनका कहना था कि दस हजार से अधिक की संख्या में रामलीला आयोजन में भींड़ जमा होती है इससे अलावा त्यौहारों पर झांकिया निकलती हैं जिसका करीबी और मुख्य रास्ता यही होता है।
सीएचसी प्रभारी न किसी की न सुनी और तहसीलदार व पुलिस बल के साथ इस रास्ते को बन्द करा दिया। इसी के चलते मोहल्ले के चार दर्जन से अधिक मकानों के लोगों ने अपने घरों पर लिखवाया कि ये मकान बिकाऊ है। लोगों ने कहा यदि 15 अगस्त तक अस्पताल के अंदर वाला रास्ता न खोला जाता है तो 16 अगस्त को हम अपने मकानों की चाबी कोतवाली या प्रशासनिक अधिकारी को सौंप देंगे।
इसी दौरान मौजूद 70 वर्षीय महिला हसीना ने बताया वर्षों से हमने इसी रास्ते को देखा है। आज ये बन्द कर दिया गया है इस से हमें दवाई तथा अन्य कामों में परेशानी हो रही है। महिला खातून ने कहा ये रास्ता पुराने जमाने से है जिसे बन्द करके हमें परेशान किया जा रहा है। मोहम्मद शरीफ ने कहा 15 अगस्त तक रास्ता न खोला गया तो हम सब अपना घर छोड़ कर चले जायेंगे। इस मौके पर खलील अहमद,अनीस अहमद, शफीक, रफीक,जहांगीर, नसीर,बब्लू, जमशेद, जुबेर, लईक, शाहरुख,संजय, दीपक, संतोष आदि रहे।
