बरेली: कॉलेज को छात्रवृत्ति वापस न करने पर छात्रा से मारपीट
बरेली, अमृत विचार। एमबीए की छात्रा ने प्रबंधन को छात्रवृत्ति वापस नहीं लौटाई तो कॉलेज ने उसे पेपर में न बैठने की चेतावनी दे डाली। इतना ही नहीं उसके साथ कॉलेज में मारपीट की गई। पीड़िता ने इसका वीडियो पुलिस को दिखाया, लेकिन पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। अब छात्रा ने एसएसपी से …
बरेली, अमृत विचार। एमबीए की छात्रा ने प्रबंधन को छात्रवृत्ति वापस नहीं लौटाई तो कॉलेज ने उसे पेपर में न बैठने की चेतावनी दे डाली। इतना ही नहीं उसके साथ कॉलेज में मारपीट की गई। पीड़िता ने इसका वीडियो पुलिस को दिखाया, लेकिन पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। अब छात्रा ने एसएसपी से मामले की शिकायत की है।
प्रेमनगर के सांई धर्म कांटा के पास रहने वाली अदिति गंगवार पुत्री महेश चंद्र ने बताया कि वह फतेहगंज पश्चिमी स्थित एक निजी कॉलेज से एमबीए कर रही है। उसने अपनी कॉलेज की फीस जमा कर दी। इसके बाद भी उसे परीक्षा देने से रोक दिया गया। उस पर दबाव बनाया जा रहा है कि उसे सरकार ने जो छात्रवृति भेजी है, वह उसे निकालकर कॉलेज प्रबंधन को दे। ऐसा न करने पर उसे पेपर में बैठने नहीं दिया जाएगा।
छात्रा ने 29 जुलाई को कॉलेज के प्रबंधन से इस बारे में बातचीत की तो वहां के लोगों ने छात्रा के साथ मारपीट की। छात्रा ने फतेहगंज पश्चिमी पुलिस से मामले की शिकायत की और वीडियो भी दिखाया लेकिन पुलिस ने उसकी कोई मदद नहीं की। शुक्रवार को छात्रा अपने पिता के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंची और मामले की शिकायत की। एसएसपी ने सीओ मीरगंज को मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि छात्रा की शिकायत पर सीओ को जांच के आदेश दिए गए हैं। यदि उसके आरोप सही है तो कॉलेज प्रबंधन के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
