बदायूं: पैर फिसला और तालाब में जा गिरा किशोर, बचाने कूदा दोस्त, दोनों की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दातागंज, अमृत विचार। कोतवाली दातागंज क्षेत्र के एक गांव में घास काटने गए दो बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। तालाब में डूबते एक बच्चे को बचाने के चक्कर में दूसरा बच्चा कूदा लेकिन वह भी डूब गया। किशोरों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। क्षेत्र के गांव कनेई निवासी …

दातागंज, अमृत विचार। कोतवाली दातागंज क्षेत्र के एक गांव में घास काटने गए दो बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। तालाब में डूबते एक बच्चे को बचाने के चक्कर में दूसरा बच्चा कूदा लेकिन वह भी डूब गया। किशोरों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
क्षेत्र के गांव कनेई निवासी अरुण (15) पुत्र सुरेंद्र और किशन (16) पुत्र दीन दयाल शनिवार को सुबह के समय अपने घर के पशुओं के लिए चारा काटने गए थे। दोपहर लगभग 12 बजे तालाब किनारे घास काट रहे थे।

इसी दौरान अरुण का पैर फिसल गया और तालाब में जाकर गिर गया और डूबने लगा। उसे डूबता देखकर उसका साथी किशन भी बचाने के लिए तालाब में कूद गया लेकिन वह भी डूबने लगा। आसपास खेतों पर काम कर रहे किसानों को किशारों के डूबने की जानकारी हुई तो वह मौके पर पहुंच गए।

तालाब में घुसकर बच्चों को बाहर निकाला। तब तक अरुण की मौत हो चुकी थी जबकि किशन की सांस चल रही थीं। ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी। परिवार के सदस्य किशन को लेकर दातागंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए। जहां चिकित्सकों ने किशन को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दातागंज कोतवाल विशाल प्रताप सिंह ने कहा कि तालाब में डूबने से दो किशोरों की मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

संबंधित समाचार