कानपुर: पुलिस के हत्थे चढ़े पांच जेब कतरे, 17 मोबाइल व नकदी बरामद
कानपुर। शहर में टेंपो और बस में सवारियों की जेब काटने और पर्स चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने रविवार दोपहर पर्दाफाश कर दिया। काकादेव पुलिस ने पांच शातिरों को गिरफ्तार करके चोरी के मोबाइल फोन, पर्स समेत नकदी भी बरामद की है। यह गिरोह सवारी वाहनों में बैठकर लोगों के मोबाइल फोन, पर्स …
कानपुर। शहर में टेंपो और बस में सवारियों की जेब काटने और पर्स चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने रविवार दोपहर पर्दाफाश कर दिया। काकादेव पुलिस ने पांच शातिरों को गिरफ्तार करके चोरी के मोबाइल फोन, पर्स समेत नकदी भी बरामद की है। यह गिरोह सवारी वाहनों में बैठकर लोगों के मोबाइल फोन, पर्स और नकदी पर हाथ साफ कर रहा था।
शहर में बीते कई दिनों से शातिर गिरोह सक्रिय था। गिरोह के सदस्य टैंपो, बस और ई-रिक्शा जैसे वाहनों में बैठ जाते थे और साथ में सफर करने वाले यात्री की जेब से नकदी, पर्स और मोबाइल फोन पार कर रहे थे। गिरोह के सदस्य सावन माह में मंदिरों के आसपास भी सक्रिय हो गए थे और भक्तों की जेब से मोबाइल व पर्स पार कर रहे थे। गिरोह का शिकार होने वाले ज्यादातर पीड़ित पुलिस तक शिकायत करने से भी कतरा जाते थे, वहीं जो पीड़ित चौकी या थाने पहुंचता तो उसे टरका दिया जाता था। अचानक जेब कतरी की घटनाएं बढ़ने की जानकारी के बाद पुलिस ने भी गिरोह की सुरागकशी तेज कर दी थी।
काकादेव पुलिस ने रविवार को गिरोह का पर्दाफाश कर दिया और चेकिंग अभियान में पांच अभियुक्तों को दबोच लिया। काकादेव थाना प्रभारी कुंजबिहारी मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार शातिर अपराधियों में नवाबगंज निवासी जीतू उर्फ जितेन्द्र, विनय कुमार, कल्याणपुर निवासी रजोल कुमार शुक्ला उर्फ अजीत, चकेरी निवासी महेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ गुड्डू और सुरेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ बबलू शामिल हैं। ये सभी शातिर घंटाघर से कल्याणपुर तक चलने वाले और एलएलआर अस्पताल से मरीजों को लाने और ले जाने वाले लोगों को निशाना बनाते थे। अभियुक्तों के पास 17 मोबाइल और पांच हजार रुपये बरामद किये गए हैं।
उन्होंने बताया कि विनय टैंपो चलाता है और उसके साथी जीतू व रजोल टेंपो में सवारी बनकर पहले से बैठ जाते थे। टैंपो में सफर करने वाले जब आकर बैठते तो मौका पाकर वे वारदात को अंजाम देते थे। जीतू के खिलाफ पहले से शहर के थानों में करीब दस मुकदमे दर्ज हैं। बरामद मोबाइल फोन के आधार पर मालिकों का पता लगाया जा रहा है। गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में भी कार्रवाई की जाएगी। शातिरों को गिरफ्तार करने वाली टीम में दारोगा श्याम शंकर पांडेय, संदीप कुमार, हे.का. अमित कुमार, धमेंद्र तिवारी, राहुल और विकास शामिल रहे।
