बरेली: मादक पदार्थों की अवैध फैक्ट्री पर छापा, लाखों का माल बरामद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बारादरी क्षेत्र के पीलीभीत बाईपास स्थित पशुपति बिहार कॉलोनी के तीन और ऐजाज नगर गौटिया के एक घर में सोमवार की देर रात पुलिस ने छापामारी की। पुलिस ने दोनों जगहों से भारी मात्रा में मादक पदार्थों में मिलावटी तंबाकू, पान मसाला व बीड़ी बरामद की। यहां से पैकिंग करने की तीन …

बरेली, अमृत विचार। बारादरी क्षेत्र के पीलीभीत बाईपास स्थित पशुपति बिहार कॉलोनी के तीन और ऐजाज नगर गौटिया के एक घर में सोमवार की देर रात पुलिस ने छापामारी की। पुलिस ने दोनों जगहों से भारी मात्रा में मादक पदार्थों में मिलावटी तंबाकू, पान मसाला व बीड़ी बरामद की। यहां से पैकिंग करने की तीन मशीनें भी जब्त की गईं। जब्त माल की कीमत करीब 35 से 40 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में राहुल गुप्ता और शाहजहांपुर के मुख्य आरोपी अली हसन के खिलाफ धोखाधड़ी व कॉपीराइट एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मुख्य आरोपी अली हसन व उसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है।

बारादरी थाना प्रभारी नीरज मलिक ने बताया कि शाहजहांपुर के तिलहर स्थित हाइवे किनारे बसे सलेमाबाद पट्टी गौटिया के पचाशा मोहल्ले का रहने वाला अली हसन शाहजहांपुर से बरेली में मादक पदार्थों की अवैध फैक्ट्री संचालित कर रहा था। छापामारी के दौरान पुलिस ने बीड़ी नंबर 41 व 27, स्पेशल मयूर घोड़ा, पताका 502, जेठा भाई छोटा भाई, रूपा शेर, मास्टर बीड़ी, राम-श्याम, बीड़ी पत्ता, बुलबुल और रशिया ब्रांड की बीड़ियां बरामद की। वहीं गगन व कमला पसंद पान मसाला भी बड़ी तादाद में बरामद किया गया। साथ ही झुमका ब्रांड की मिलावटी तंबाकू भी बड़ी संख्या में बरामद की गई है। इसके अतिरिक्त बड़ी मात्रा में तंबाकू में मिलाया जाने वाला चूना व पैकिंग के लिए ब्रांड स्टीकर भी बरामद हुए हैं।

करीब ढाई साल से चला रहा थी अवैध फैक्ट्री
पुलिस की पूछताछ में आरोपी राहुल गुप्ता ने बताया कि करीब ढाई साल पहले शाहजहांपुर में भी अली हसन की अवैध फैक्ट्री पकड़ी गई थी। इसके बाद उसने बरेली में अपने भतीजे व अन्य साथियों के साथ मिलावटी मादक पदार्थों का कारोबार शुरू किया। इसके लिए उसने दो इलाकों में चार घर किराए पर लिए थे। जहां मिलावटी माल ब्रांडेड पैकेट में पैक कर स्टीकर लगाकर बदायूं, शाहजहांपुर, तिलहर, बनबसा, हल्द्वानी समेत अन्य जिलों में रोडवेज के माध्यम से सप्लाई करता था। बीच-बीच में अली हसन खुद भी काम की जानकारी लेने के लिए बरेली आता था। उसकी गैर मौजूदगी में राहुल गुप्ता काम संभालता था। राहुल ने बताया कि तीन दिन पहले ही अली हसन से काम को लेकर बातचीत हुई थी।

चारों गोदामों पर केवल शाहजहांपुर के ही कर्मचारी
पुलिस की जांच में पता चला कि मिलावटी पान मसाला, तंबाकू व बीड़ी की अवैध फैक्ट्री चलाने वाले अली हसन ने गोदामों को किराए पर लिया था। इसमें माल बनाने से लेकर पैक करने और सप्लाई करने तक हर एक कर्मचारी स्थानीय न रखकर शाहजहांपुर व तिलहर से बुलवाए थे। यही वजह थी कि काफी समय से बिना पुलिस की नजरों में आए आरोपी खुले आम मिलावटी मादक पदार्थों का कारोबार कर रहा था। करीब एक साल पहले बारादरी पुलिस ने मिलावटी पान मसाला व अन्य मादक पदार्थ जब्त किया था। उस दौरान अली हसन बरेली में एक गोदाम के साथ काम की शुरुआत कर चुका था लेकिन छापा पड़ने के चलते कुछ दिनों के लिए उसने काम बंद कर दिया था।

तिलहर से की थी धंधे की शुरुआत
पुलिस को यह भी पता चला है कि अली हसन के पिता का बरसों पहले तिलहर के चुंगी पर पान-बीड़ी का खोखा था, जहां से उसे मादक पदार्थों के धंधे का विचार आया था। आगे चलकर उसने तिलहर में ही नरेंद्र सिंह के घर में मिलावटी पान मसाला और बीड़ी की फैक्ट्री शुरू की। दो साल पहले शाहजहांपुर पुलिस ने अली हसन की फैक्ट्री पर छापा मारा था। इस मामले में उसे जेल भेजा गया था।

बरेली: मौलाना शाहबुद्दीन बोले- अफगानी जनता और विदेशियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करें तालिबान

संबंधित समाचार